यमुनोत्री यात्रा मार्ग: कुथनौर में 4 माह से शौचालय पर लटके ताले, यात्री खुले में शौच को मजबूर

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
uttarkashi: यमुनोत्री धाम की यात्रा पर आने वाले देश-विदेश के श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए बनाए गए शौचालय प्रशासनिक लापरवाही का शिकार बने हुए हैं। कुथनौर बाजार में जिला पंचायत उत्तरकाशी द्वारा निर्मित सार्वजनिक शौचालय का निर्माण कार्य पूरा हुए चार महीने से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन इसके बावजूद इस पर आज तक ताले लटके हुए हैं।
लाखों की लागत और लंबे समय के इंतजार के बाद बनी इस मूलभूत सुविधा का लाभ न मिलने से स्थानीय व्यापारियों में भारी रोष है, वहीं यात्रा मार्ग पर पहुँचने वाले श्रद्धालु खुले में शौच करने को मजबूर हैं।
यमुनोत्री धाम यात्रा पर देश-विदेश से पहुँच रहे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों के लिए कुथनौर बाजार में बना सार्वजनिक शौचालय सफेद हाथी साबित हो रहा है। जिला पंचायत उत्तरकाशी द्वारा चार महीने पहले बनकर तैयार हुए इस शौचालय का एक दिन भी उपयोग न होने से यात्रा मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था की धज्जियां उड़ रही हैं। देश-प्रदेश से आ रहे श्रद्धालु खुले में शौच करने को मजबूर हैं, जिससे स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों में गहरा आक्रोश है। सामाजिक कार्यकर्त्ता महाबीर पंवार माही, जयराज बिष्ट एवं बलवीर लाल ने कहा कि जब ताले ही लटका कर रखने थे और यात्रियों तथा स्थानीय लोगों को परेशान ही होना था, तो ऐसे शौचालय निर्माण का आखिर औचित्य ही क्या है? उन्होंने यमुनोत्री धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की गरिमा और स्थानीय लोगों की सुविधा को देखते हुए कुथनौर स्थित शौचालय का ताला तुरंत खुलवाने हेतु जिला पंचायत अध्यक्ष एवं जिलाधिकारी उत्तरकाशी से हस्तक्षेप करने की मांग की है।



