उत्तरकाशी DPC चुनाव: 14 सदस्य निर्विरोध निर्वाचित होकर रचा इतिहास
जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान के नेतृत्व में बनी सर्वसम्मति, समन्वय और एकजुटता की मिसाल

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
उत्तरकाशी (संवाददाता)। जनपद उत्तरकाशी में जिला योजना समिति (DPC) के बहुप्रतीक्षित चुनाव में सोमवार को एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया। जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान के कुशल नेतृत्व और रणनीतिक समन्वय के चलते समिति के 14 सदस्यों का निर्वाचन पूरी तरह निर्विरोध संपन्न हो गया। जनपद के त्रिस्तरीय पंचायती राज इतिहास में इसे आपसी विश्वास, सर्वदलीय व सर्वक्षेत्रीय सामंजस्य की एक दुर्लभ व अनुकरणीय उपलब्धि माना जा रहा है। चुनाव परिणाम की घोषणा होते ही समर्थकों और जनप्रतिनिधियों में खुशी की लहर दौड़ गई।
आपसी विश्वास और सामूहिक विकास के संकल्प की जीत: रमेश चौहान
निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा के उपरांत जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान ने इसे जनपद के समग्र विकास और जनसेवा के संकल्प की विजय बताया। उन्होंने कहा कि उत्तरकाशी जैसे विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले सीमांत जिले में योजनाओं का धरातल पर उतरना तभी संभव है जब सभी जनप्रतिनिधि एकमत होकर कार्य करें। उन्होंने कहा कि यह केवल चुनावी औपचारिकता का निर्विरोध पूरा होना भर नहीं है, बल्कि यह जिले के जनप्रतिनिधियों का एक-दूसरे के प्रति अटूट विश्वास, परिपक्व समन्वय और जनहित में एकजुट होकर कार्य करने की दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रमाण है।
इस दौरान उन्होंने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी और उम्मीद जताई कि समिति जिले की प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर पारदर्शी विकास योजनाएं तैयार करेगी।
भाजपा संगठन और वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की रही मजबूत मौजूदगी
चुनाव प्रक्रिया के दौरान राजनीतिक तालमेल बैठाने में वरिष्ठ नेताओं की भूमिका भी अहम रही। इस ऐतिहासिक मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौहान, महावीर नेगी, जिला पंचायत सदस्य बुद्धि राणा, विजय बंधानी, कविता शाह तथा विरेंद्र वर्धन समेत जनपद के तमाम प्रमुख जिला पंचायत सदस्य व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि यह ऐतिहासिक परिणाम इस बात का परिचायक है कि जिले में विकास के मुद्दों पर सभी पक्ष एकजुट हैं।
ये बने जिला योजना समिति के नवनिर्वाचित सदस्य
निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए 14 सदस्यों में महिला सशक्तिकरण की स्पष्ट झलक देखने को मिली। निर्वाचित सदस्यों की सूची इस प्रकार है:
1. सरस्वती नाथ
2. बीना चौहान
3. ज्योति राणा
4. बबीता रावत
5. प्रियंका रावत
6. रवीना रावत
7. सोनिका रावत
8. अनीता नेगी
9. अनूप राज कुंवर
10. भरत बिष्ट
11. पवन दास
12 मदन मोहन बिजल्वाण
13 कुलदीप नेगी
14 हीरा लाल



