आस्थाउत्तराखंडकुंभ मेला-2027हरिद्वार

कुंभ मेला-2027: मंडलायुक्त ने की तैयारियों की उच्चस्तरीय समीक्षा, गंग नहर बंदी के दौरान दिन-रात काम कराने के निर्देश

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​हरिद्वार: आगामी कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत हरिद्वार में अवस्थापना सुविधाओं और निर्माण कार्यों को गति देने के लिए प्रशासनिक स्तर पर कवायद तेज हो गई है। शुक्रवार को मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय समिति की अहम बैठक संपन्न हुई। बैठक में विभिन्न विभागों के प्रस्तावों और निर्माण कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

​मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्यदायी संस्थाएं स्वीकृत परियोजनाओं को तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करें। उन्होंने सड़कों, पुलों और घाटों के निर्माण पर विशेष ध्यान केंद्रित करने और कार्यस्थलों पर संसाधनों व श्रमिकों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

​बैठक के मुख्य बिंदु और कड़े दिशा-निर्देश:

​क्लोजर अवधि में 24 घंटे काम: गंग नहर की बंदी (क्लोजर) अवधि के दौरान घाटों के निर्माण के लिए पुख्ता कार्ययोजना बनाकर दिन-रात काम कराया जाएगा। मंडलायुक्त ने निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री, मशीनरी और लेबर की अग्रिम व्यवस्था रखी जाए ताकि एक भी दिन व्यर्थ न हो।

​त्योहारों के चलते न रुके काम: आगामी त्योहारों के दौरान श्रमिकों की संभावित कमी को देखते हुए कार्यदायी संस्थाओं को पहले से ही अतिरिक्त मानव संसाधन और बैकअप प्लान तैयार रखने के निर्देश दिए गए।

​गुणवत्ता और समयसीमा से समझौता नहीं: निर्माण कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

​आपसी समन्वय से समाधान: सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से काम करें ताकि मौके पर आने वाली तकनीकी या प्रशासनिक अड़चनों को तत्काल दूर किया जा सके।

​काउंटडाउन मोड में चल रही तैयारियां: मेलाधिकारी

​बैठक में मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को अब ‘काउंटडाउन मोड’ में संचालित किया जा रहा है। कार्यों की प्रगति की प्रतिदिन मॉनिटरिंग हो रही है और निर्माण स्थलों पर श्रमिकों व तकनीकी संसाधनों की संख्या बढ़ाई जा रही है, ताकि आयोजन से काफी पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह चाक-चौबंद हो सकें।

​बैठक में आईजी (कुंभ) डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित, एसएसपी (कुंभ) आयुष अग्रवाल, नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, एसपी सिटी दीपक सिंह, मेला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष दत्त, तकनीकी सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज भट्ट, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button