आस्थाउत्तराखंडकुंभ मेला-2027देश-विदेशधर्म कर्महरिद्वार

कुंभ-2027: हरिद्वार में सड़कों का बिछेगा मजबूत जाल, आंतरिक व संपर्क मार्गों के सुधार पर करोड़ों की योजनाएं शुरू

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​हरिद्वार: कुंभ मेला-2027 को दिव्य, भव्य और सुगम बनाने की दिशा में राज्य सरकार ने हरिद्वार के सड़क तंत्र के कायाकल्प की व्यापक योजना धरातल पर उतार दी है। देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं के सुरक्षित और निर्बाध आवागमन के लिए शहर के आंतरिक मार्गों के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण, नवीनीकरण (बीसी तकनीक) और फुटपाथ निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू हो चुका है। मेला प्रशासन और संबंधित विभागों के समन्वय से निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है।

​आंतरिक मार्गों के लिए 21.64 करोड़ रुपये स्वीकृत

​पुराना दिल्ली-ऋषिकेश राज्य मार्ग समेत शहर के लोक निर्माण विभाग के अधीन 14.70 किलोमीटर लंबे आंतरिक मार्गों के नवीनीकरण और फुटपाथ निर्माण पर 21.64 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।

​कनखल व बूढ़ीमाता क्षेत्र: शंकराचार्य चौक से कनखल थाना होते हुए देशरक्षक तिराहे तक 3 किमी मार्ग 3.93 करोड़ रुपये से और बंगाली मोड़ से झंडा चौक-श्रीयंत्र मंदिर होते हुए बूढ़ीमाता मंदिर तक 2.885 किमी मार्ग 3.94 करोड़ रुपये की लागत से सुधारा जा रहा है।

​प्रमुख चौक क्षेत्र: शंकराचार्य चौक, देवपुरा चौक, चंद्राचार्य चौक, आर्यनगर चौक और बैरियर से गुघाल मंदिर की ओर जाने वाले कुल 6.90 किमी हिस्से का 6.44 करोड़ रुपये में नवीनीकरण किया जा रहा है।

​बायपास व आश्रम मार्ग: आईरिस पुल से बैरागी कैंप, मातृ सदन होते हुए ज्वालापुर-लक्सर-पुरकाजी हाईवे को जोड़ने वाले 6.74 किमी मार्ग पर 3.91 करोड़ और ज्वालापुर-ललताराव-चंडीघाट मार्ग (7 किमी) पर 4.27 करोड़ रुपये की लागत से कार्य जारी है।

​मध्य हरिद्वार, कनखल और भारत माता मंदिर क्षेत्र में सीसी रोड

​पुराना आरटीओ चौक से भारत माता मंदिर तक 3.15 करोड़ रुपये की लागत से नई सीसी सड़क का निर्माण प्रस्तावित है।

​नगर निगम क्षेत्र के तहत मध्य हरिद्वार के आंतरिक मार्गों पर 5.78 करोड़ और कनखल क्षेत्र के मार्गों पर 1.99 करोड़ रुपये से सीसी निर्माण की योजना शीघ्र शुरू की जाएगी।

​बाहरी व प्रमुख संपर्क मार्गों पर 78 किलोमीटर का नेटवर्क

​हरिद्वार और आसपास के क्षेत्रों को जोड़ने वाले 12 प्रमुख संपर्क मार्गों (लगभग 78 किलोमीटर) को भी अपग्रेड किया जा रहा है:

​बहादराबाद-सिडकुल 4-लेन मार्ग: भाईचारा ढाबा से बीएचईएल बैरियर-06 होते हुए शिवालिक नगर चौक तक 4 किमी हिस्से का चौड़ीकरण।

​पतंजलि से फेरूपुर लिंक: पतंजलि योगपीठ से सहदेवपुर, दिनारपुर, सुभाषगढ़ होते हुए एनएच-334ए (फेरूपुर) तक 16.70 किमी मार्ग का डेढ़ लेन में चौड़ीकरण।

​राज्य मार्ग व ग्रामीण संपर्क: बहादराबाद-धनौरी-भगवानपुर-गागलहेड़ी मार्ग (एसएच-68) का 4 किमी हिस्सा, ज्वालापुर से शिवालिक नगर (3.40 किमी), सीतापुर-जमालपुर कलां मार्ग (5.50 किमी) तथा ज्वालापुर-सराय-धनपुरा मार्ग (एसएच-88) के 3 किमी हिस्से में सुधार कार्य प्रगति पर है। आबादी वाले हिस्सों में शोल्डर पर इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाई जा रही हैं।

​सड़कों का यह समग्र सुदृढ़ीकरण न केवल 2027 के महाकुंभ में श्रद्धालुओं को जाम-मुक्त और सुविधाजनक आवागमन देगा, बल्कि मेले के बाद भी स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों के लिए हरिद्वार के स्थाई यातायात ढांचे को दीर्घकालिक मजबूती प्रदान करेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button