अवैध खननउत्तरकाशीउत्तराखंड

उत्तरकाशी में राजस्व और खनन विभाग का बड़ा एक्शन: यमुना से अवैध खनन और स्टॉक में हेराफेरी पर ‘शिवम स्टोन क्रेशर’ सीज, ₹2.43 लाख का जुर्माना

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​बड़कोटuttarkashi: जनपद उत्तरकाशी के बड़कोट तहसील क्षेत्र में यमुना नदी से अवैध खनन और भंडारण में अनियमितता बरतने पर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। राजस्व और खनन विभाग की संयुक्त टीम ने पौटी स्थित ‘शिवम स्टोन क्रेशर’ पर अचानक छापा मारकर उसे अग्रिम आदेशों तक सीज कर दिया। मौके पर ई-रवन्ना पोर्टल से 760 टन से अधिक अवैध उपखनिज मिलने पर संचालक पर ₹2,43,213 का जुर्माना भी लगाया गया है।

​रात में यमुना से खनन की मिली थी गुप्त सूचना

​तहसील प्रशासन को पिछले 1-2 दिनों से सूचना मिल रही थी कि ग्राम पौटी के इदेली तोक स्थित शिवम स्टोन क्रेशर द्वारा रात के अंधेरे में यमुना नदी से अवैध खनन किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए 05 अक्टूबर को उपजिलाधिकारी बड़कोट और जिला खान अधिकारी के नेतृत्व में एक संयुक्त टीम गठित कर क्रेशर पर औचक छापेमारी की गई।

​जांच के दौरान पाया गया कि प्लांट से यमुना नदी की ओर जाने वाला रास्ता, जिसे पूर्व में प्रशासन द्वारा बंद किया गया था, उसे दोबारा खोल दिया गया था। इसी रास्ते से नदी से अवैध रूप से उपखनिज (आरबीएम) लाकर क्रेशर परिसर में डंप किया जा रहा था।

​पोर्टल से 760 टन अधिक निकला माल, पोर्टल भी बंद

​मौके पर जब क्रेशर परिसर में जमा उपखनिज की पैमाइश की गई, तो बड़े पैमाने पर हेराफेरी उजागर हुई:

​ई-रवन्ना पोर्टल पर दर्ज स्टॉक: 8,984.26 टन

​मौके पर 8 ढेरियों में मिला स्टॉक: 9,744.30 टन

​अवैध/अतिरिक्त भंडारण: 760.04 टन

​पोर्टल से 760.04 टन अधिक उपखनिज पाए जाने पर ‘अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण नियमावली-2021 (यथा संशोधित 2024)’ के तहत कार्रवाई करते हुए ₹2,43,213 का अर्थदंड लगाया गया। साथ ही क्रेशर को अग्रिम आदेशों तक सीज कर उसका ई-रवन्ना पोर्टल ब्लॉक कर दिया गया है। संचालक को चेतावनी दी गई है कि अग्रिम आदेश तक परिसर में किसी भी प्रकार की व्यावसायिक गतिविधि न की जाए।

​अधिकारियों का कड़ा रुख

​”तहसील क्षेत्र में अवैध खनन और अवैध परिवहन पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। जहां से भी शिकायत मिलती है, वहां तत्काल टीम भेजकर सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।” बृजेश तिवारी, उपजिलाधिकारी (बड़कोट)

​”जिले में अवैध खनन की रोकथाम के लिए सघन निगरानी रखी जा रही है। किसी को भी नियमों के उल्लंघन की छूट नहीं दी जाएगी। समयबद्ध कार्रवाई के चलते ही पिछले 2 वर्षों में जिले के खनन राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। सभी खनन पट्टाधारकों और क्रेशर संचालकों को नियमों के दायरे में रहकर कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं।”प्रदीप कुमार, जिला खान अधिकारी (उत्तरकाशी)

​छापेमारी, पैमाइश और जब्ती की इस पूरी कार्रवाई में एसडीएम बड़कोट के साथ नायब तहसीलदार बड़कोट, राजस्व उपनिरीक्षक पौटी, सहायक खनिज पर्यवेक्षक सहित खनन विभाग की टीम मौजूद रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button