केदारनाथ धाम में कड़ाके की ठंड और बर्फबारी पर भारी पड़ी आस्था, दर्शन करने वालों का आंकड़ा 18.60 लाख के पार

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
रुद्रप्रयाग: विश्वप्रसिद्ध ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग भगवान केदारनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष रिकॉर्ड स्तर पर सफलता के नए आयाम स्थापित कर रही है। धाम में बीते दो दिनों से जारी रुक-रुक कर बर्फबारी और कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी नजर नहीं आ रही है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, इस यात्रा सीजन में अब तक 18 लाख 60 हजार 360 श्रद्धालु बाबा केदारनाथ के दर्शन कर चुके हैं।
बर्फ की सफेद चादर से ढकी घाटी, बढ़ा आकर्षण
केदारनाथ घाटी में हो रही बर्फबारी के कारण चोटियों ने सफेद चादर ओढ़ ली है। शून्य से नीचे लुढ़कते पारे और प्रतिकूल मौसम के बीच भी हजारों की संख्या में श्रद्धालु कतारों में लगकर ‘हर-हर महादेव’ के जयकारों के साथ दर्शन कर रहे हैं। धाम का यह मनोरम और प्राकृतिक दृश्य देश-विदेश से आने वाले यात्रियों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
प्रशासन की चाक-चौबंद व्यवस्थाएं
बदलते मौसम और बढ़ती ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है।
आवास व भोजन: धाम और पड़ावों पर पर्याप्त ठहरने, भोजन व गर्म पेयजल की व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य सेवाएं: अत्यधिक ऊंचाई और ठंड के प्रभाव को देखते हुए चिकित्सा दल निरंतर सक्रिय हैं।
निगरानी तंत्र: सभी संबंधित विभागों को यात्रा मार्गों और व्यवस्थाओं पर 24 घंटे निगरानी रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं ताकि मार्ग अवरुद्ध न हो और यात्रा सुचारु रूप से जारी रहे।
जिला प्रशासन का कहना है कि धाम आने वाले प्रत्येक तीर्थयात्री की सुरक्षा और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए हर स्तर पर पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। प्रतिकूल मौसम के बीच भी सुव्यवस्थित प्रबंधन के चलते यात्रा निर्बाध गति से आगे बढ़ रही है।



