
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
uttarkashi: दयारा ट्रेक से लापता बबीता पाण्डे की गुमशुदगी के मामले में सोशल मीडिया पर कुछ अराजक तत्वों द्वारा फैलाई जा रही भ्रामक और तथ्यहीन खबरों पर उत्तरकाशी पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। पुलिस ने साफ किया है कि जनता में भ्रम पैदा करने वाले ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
मामले के वास्तविक तथ्यों से अवगत कराते हुए सीओ उत्तरकाशी, जनक सिंह पंवार ने बताया कि युवती की सुरक्षित खोज के लिए पुलिस प्रशासन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निरंतर व्यापक खोज एवं बचाव अभियान चला रहा है। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के सीधे निर्देशन में लापता बबीता पाण्डे की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। खोज अभियान को गति देने के लिए दुर्गम रास्तों पर पुलिस टीमों द्वारा लगातार पैदल सर्च ऑपरेशन (मैनुअल सर्चिंग) चलाया जा रहा है। इसके साथ ही स्वान दस्तों (Dog Squad), ड्रोन तकनीक, हवाई सर्वेक्षण और अन्य आधुनिक वैज्ञानिक संसाधनों का उपयोग कर सुराग जुटाने के प्रयास जारी हैं।
सीओ जनक सिंह पंवार ने स्पष्ट किया कि इस मामले को केवल एक गुमशुदगी के तौर पर नहीं देखा जा रहा है, बल्कि प्रकरण से जुड़े सभी संभावित आपराधिक पहलुओं की भी गहराई और पूरी निष्पक्षता व पारदर्शिता के साथ जांच की जा रही है। वरिष्ठ अधिकारी स्वयं इस पूरे अभियान की निरंतर समीक्षा कर रहे हैं। हालांकि, अब तक युवती के संबंध में कोई ठोस जानकारी हाथ नहीं लग पाई है।
उत्तरकाशी पुलिस ने सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म्स पर चल रही अपुष्ट और आधारहीन जानकारियों का खंडन करते हुए आमजन से पुरजोर अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली किसी भी असत्यापित जानकारी या अफवाह पर ध्यान न दें। सभी नागरिक केवल पुलिस और प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें तथा बिना सत्यापन के किसी भी भ्रामक पोस्ट, मैसेज या वीडियो को आगे शेयर (प्रसारित) न करें। पुलिस ने कड़ी चेतावनी दी है कि भ्रामक और तथ्यहीन जानकारी फैलाकर शांति व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों को चिन्हित किया जा रहा है, जिनके विरुद्ध नियमानुसार तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।



