
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
uttarkashi: जनपद में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने और ऑफ-सीजन में सैलानियों की आमद बढ़ाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसी कड़ी में आगामी दिसंबर माह में भव्य ‘विंटर टूरिज्म कॉनक्लेव’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी प्रशांत आर्य की अध्यक्षता में जनपद के प्रेस प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
रोमांचक गतिविधियों से गुलजार होंगे पर्यटन स्थल
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि कॉनक्लेव के माध्यम से साहसिक और ग्रामीण पर्यटन को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की योजना है। इसके तहत जनपद में ट्रेकिंग, बर्ड वॉचिंग, स्टारगेज़िंग (तारे निहारना), साइक्लोथॉन, हॉट एयर बैलून और पैरामोटर जैसी कई रोमांचक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। साथ ही, ग्रामीण संस्कृति से पर्यटकों को जोड़ने के लिए विशेष रूप से ‘विलेज टू विलेज’ कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।
अल्पज्ञात स्थलों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर फोकस
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने उन क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित करने की बात कही, जहां प्राकृतिक सौंदर्य तो भरपूर है, लेकिन जानकारी के अभाव में पर्यटक कम पहुंचते हैं। उन्होंने कहा कि इन अल्पज्ञात स्थलों पर पर्यटन गतिविधियां शुरू होने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए द्वार खुलेंगे और ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। इसके लिए इन क्षेत्रों में होम-स्टे और ‘ट्रैकिंग ट्रैक्शन योजना’ को भी प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।
मीडिया की भागीदारी से चुने जाएंगे नए गांव
‘विलेज टू विलेज’ कार्यक्रम के लिए संभावनाशील गांवों के चयन हेतु जिलाधिकारी ने मीडिया प्रतिनिधियों से भी सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि पत्रकार अपने-अपने क्षेत्रों के ऐसे अनछुए और खूबसूरत स्थलों की जानकारी साझा करें, जिन्हें पर्यटन मानचित्र पर लाया जा सके। इसके लिए पर्यटन विभाग द्वारा एक विशेष गूगल शीट (Google Sheet) तैयार की गई है, जिसे सभी प्रेस प्रतिनिधियों को उपलब्ध कराया जाएगा।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस आयोजन का मुख्य लक्ष्य उत्तरकाशी के अनछुए पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाना और पर्यटन के जरिए स्थानीय लोगों की आजीविका को सशक्त बनाना है।



