उत्तरकाशी जनपद में अस्पताल, स्कूल और कोर्ट के 100 मीटर दायरे में शोर पर सख्त पाबंदी: ‘साइलेंस जोन’ घोषित करने के निर्देश जारी

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
uttarkashi: जनपद उत्तरकाशी में ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी रोक लगाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला मजिस्ट्रेट प्रशांत आर्य द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जनपद के सभी सरकारी व निजी अस्पतालों, शिक्षण संस्थानों तथा न्यायालय परिसरों के आसपास शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त दिशानिर्देश लागू किए गए हैं।
मरीजों, छात्रों और न्यायिक कार्यों के हित में निर्णय
प्रशासन के अनुसार, अस्पतालों में भर्ती मरीजों के उपचार में खलल न पड़े, शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की एकाग्रता बनी रहे और अदालतों में न्यायिक कार्यवाही निर्बाध चले, इसके मद्देनजर ध्वनि विस्तारक यंत्रों, डीजे, लाउडस्पीकर और वाहनों के अनावश्यक हॉर्न पर रोक लगाना आवश्यक पाया गया है। पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 और ध्वनि प्रदूषण नियम, 2000 के तहत यह कदम उठाया गया है।
प्रशासन द्वारा जारी प्रमुख दिशा-निर्देश:
• 100 मीटर का दायरा होगा ‘साइलेंस जोन’: पुलिस अधीक्षक और सभी संबंधित उप जिला मजिस्ट्रेट (SDM) अपने क्षेत्रों के अस्पतालों, स्कूलों और न्यायालयों की सूची तैयार करेंगे और इनके चारों ओर न्यूनतम 100 मीटर के क्षेत्र को विधिवत ‘साइलेंस जोन’ घोषित कर निगरानी सुनिश्चित करेंगे।
• रात 10 से सुबह 6 बजे तक प्रतिबंध: सक्षम प्राधिकारी की लिखित अनुमति के बिना लाउडस्पीकर व पब्लिक एड्रेस सिस्टम का उपयोग प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही रात 10:00 बजे से सुबह 06:00 बजे तक इनके उपयोग पर लगे प्रतिबंधों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा।
• अनावश्यक हॉर्न और डीजे पर तत्काल कार्रवाई: संवेदनशील संस्थानों के आसपास बेवजह हॉर्न बजाने और अनधिकृत रूप से ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग करने वालों पर पुलिस त्वरित विधिक कार्रवाई करेगी। अधिकारी समय-समय पर मौके का निरीक्षण कर स्थिति की समीक्षा करेंगे।
• जन-जागरूकता पर जोर: नियमों के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सार्वजनिक उद्घोषणा, सूचना पट्ट, पोस्टर, स्थानीय समाचार माध्यमों और सोशल मीडिया के जरिए आम जनता, वाहन चालकों, व्यापारियों और कार्यक्रम आयोजकों को जागरूक किया जाएगा।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों और अधिकारियों को इन निर्देशों का अक्षरशः व कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने का आदेश दिया है।



