उत्तरकाशीउत्तराखंडखाद्य पदार्थखाद्य सुरक्षा विभागमिलावटखोरी

उत्तरकाशी में मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का डंडा: 15 दुकानों पर छापेमारी, 4 नमूने जांच के लिए भेजे; खुले में टंगा चिकन कराया नष्ट

पत्रिका न्यूज नेटवर्क

Uttarkashi: दीपावली पर्व के मद्देनजर आम जनता को शुद्ध और मिलावट-मुक्त खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए उत्तरकाशी जिला प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के कड़े निर्देशों के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिला मुख्यालय में सघन औचक निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान कुल 15 व्यापारिक प्रतिष्ठानों की जांच की गई और मिलावट के संदेह में 4 खाद्य पदार्थों के नमूने सील कर राजकीय प्रयोगशाला भेजे गए।

​तेल, गुड़ और मिठाई के सैंपल सील

सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षा अश्वनी कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई के दौरान तेल के दो, गुड़ का एक और मिठाई का एक संदिग्ध नमूना संकलित किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित व्यापारियों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा मानकों के तहत सख्त विधिक कार्यवाही की जाएगी।

​गंदगी पर रेस्टोरेंट संचालकों को फटकार, खुले में बिक रहा चिकन नष्ट

अभियान के तहत टीम ने मुख्य बाजार में संचालित रेस्टोरेंट्स और ढाबों की रसोई व परिसर की भी जांच की। कई स्थानों पर गंदगी पाए जाने पर संचालकों को कड़ी फटकार लगाते हुए स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त करने की चेतावनी दी गई। वहीं, एक दुकान के बाहर खुले में लटका कर बेचे जा रहे चिकन को स्वास्थ्य मानकों का उल्लंघन मानते हुए मौके पर ही नष्ट करवा दिया गया।

​मिठाई की ट्रे पर ‘एक्सपायरी डेट’ लिखना अनिवार्य

त्योहारी मांग को देखते हुए खाद्य सुरक्षा दल ने मिठाई विक्रेताओं को कड़े निर्देश जारी किए हैं। टीम ने स्पष्ट किया कि सभी दुकानों पर मिठाइयों की ट्रे पर उनकी निर्माण तिथि (Date of Manufacturing) और उपभोग की अंतिम तिथि (Best Before Date) स्पष्ट रूप से दर्ज होनी चाहिए, ताकि ग्राहकों को बासी या गुणवत्ताहीन सामग्री न बेची जा सके।

​जिला प्रशासन ने मिलावटखोरों को सख्त लहजे में आगाह किया है कि त्योहार के दौरान जनस्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यापारी को बख्शा नहीं जाएगा और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button