उत्तरकाशी में केदारताल ट्रैक पर एवलांच की चपेट में आए 4 ट्रैकर्स के शव बरामद, 4 अन्य की तलाश जारी

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
Uttarkashi: जनपद उत्तरकाशी में लगभग 4,000 मीटर की ऊंचाई पर स्थित केदारताल ट्रैक पर प्रतिकूल मौसम, भारी हिमपात और एवलांच के कारण लापता हुए दल के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य संचालित किया जा रहा है। कुल 08 सदस्यों (07 ट्रैकर्स एवं 01 गाइड) के दल में से अब तक 04 ट्रैकर्स के शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि शेष 04 लापता व्यक्तियों की खोजबीन जारी है।
जनपद आपातकालीन परिचालन केंद्र, उत्तरकाशी द्वारा जारी सूचना के अनुसार, राज्य आपदा मोचन बल (SDRF) तथा नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) की संयुक्त टीम द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में चलाए गए खोज अभियान के दौरान एवलांच में दबे शवों को बरामद किया गया।
हेलीकॉप्टर के जरिए राहत सामग्री (राशन और ब्यूटेन गैस आदि) उच्च हिमालयी क्षेत्र में पहुंचाई गई तथा वहां से 04 शवों को मातली हैलीपैड लाया गया। इसके उपरांत शवों को मोर्चरी वाहन की मदद से जिला चिकित्सालय, उत्तरकाशी पहुंचाया गया है। मातली हैलीपैड पर तहसीलदार भटवाड़ी, आपदा प्रबंधन टीम, SDRF, NDRF, मेडिकल, आपूर्ति तथा ITBP की टीमें आवश्यक प्रबंधों के लिए तैनात रहीं।
तहसीलदार भटवाड़ी से मिली जानकारी के अनुसार, बरामद 04 शवों में से 02 मृत युवतियों की शिनाख्त उनके परिजनों द्वारा कर ली गई है:
1. सुश्री वर्तिका वर्मा (उम्र 28 वर्ष)
2. सुश्री दीपिका वर्मा (उम्र 29 वर्ष) (दोनों पुत्री श्री नारायण वर्मा, निवासी—गायत्री पुरम, विकासनगर, लखनऊ, उत्तर प्रदेश)।
पुलिस द्वारा मृतक युवतियों के शवों का पंचनामा भर पोस्टमार्टम की अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। शेष 02 शवों की पहचान के लिए उनके परिजन हरिद्वार से उत्तरकाशी की ओर रवाना हो चुके हैं।
आज अपराह्न लगभग 3:00 बजे मौसम व परिस्थितियों को देखते हुए रेस्क्यू दल वापस बेस कैंप लौट आया है। शेष 04 लापता ट्रैकर्स के लिए सर्च अभियान कल पुनः शुरू किया जाएगा। पूरी स्थिति पर जिलाधिकारी द्वारा निरंतर निगरानी रखी जा रही है।



