
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
उत्तरकाशी/देहरादून: ड्रग्स फ्री देवभूमि” और “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत उत्तरकाशी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) और गैंगस्टर एक्ट में वांछित चल रही कुख्यात महिला ड्रग माफिया ‘मेहराज’ को देहरादून स्थित उसके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, कमलेश उपाध्याय के कुशल निर्देशन में यह पूरी कार्रवाई अमल में लाई गई।
विनोद और शुभम की गिरफ्तारी के बाद हुआ खुलासा
दरअसल, अप्रैल 2026 में उत्तरकाशी पुलिस ने अवैध स्मैक की तस्करी करते हुए विनोद लाल और शुभम नाम के दो युवकों को दबोचा था। पुलिस पूछताछ और मामले की विवेचना के दौरान यह बड़ा खुलासा हुआ कि ये दोनों अभियुक्त स्मैक की खरीदारी देहरादून की रहने वाली मेहराज से करते थे। मामले में पुख्ता संलिप्तता पाए जाने पर पुलिस ने मेहराज के खिलाफ धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
ठिकाने बदल रही थी महिला, पुलिस ने इस तरह दबोचा
कानूनी कार्रवाई और गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी महिला लगातार अपने ठिकाने बदल रही थी, जिसके कारण पुलिस को उसकी तलाश में काफी मशक्कत करनी पड़ी। माननीय न्यायालय से गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उत्तरकाशी दिनेश कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। सटीक मुखबिरी और कड़ी घेराबंदी के बाद पुलिस टीम ने 3 जून 2026 को आरोपी महिला को देहरादून स्थित उसके घर से दबोच लिया। गिरफ्तार महिला की पहचान मेहराज (पत्नी मुस्तकीम), निवासी ग्राम खुशहालपुर, थाना सहसपुर, जनपद देहरादून के रूप में हुई है।
अपराध की दुनिया में गहरा दखल: दर्ज हैं 12 गंभीर मुकदमे
पकड़ी गई महिला कोई आम अपराधी नहीं है, बल्कि वह लंबे समय से स्मैक और अन्य मादक पदार्थों की तस्करी के काले कारोबार में सक्रिय रही है। उसके खिलाफ देहरादून और उत्तरकाशी जनपदों के विभिन्न थानों में एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट, गुंडा अधिनियम और मारपीट सहित कुल 12 संगीन मामले दर्ज हैं। देहरादून पुलिस द्वारा पूर्व में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है।
महिला के आपराधिक इतिहास की बात करें तो उसके खिलाफ थाना सहसपुर (देहरादून) में वर्ष 2017 से लेकर 2026 तक एनडीपीएस एक्ट के कई मुकदमों (जैसे मु0अ0सं0 62/2017, 21/2018, 179/2018, 63/2019, 62/2026) सहित गुंडा अधिनियम (312/2018), मारपीट व धमकी (318/2019, 246/2023) और गैंगस्टर एक्ट (373/2022) के मामले दर्ज हैं। इसके अलावा उत्तरकाशी जनपद के थाना बडकोट में वर्ष 2025 में एनडीपीएस एक्ट का मुकदमा (3/2025), विकासनगर देहरादून में मुकदमा (328/2025) और अब ताजा मामला कोतवाली उत्तरकाशी में मुकदमा अपराध संख्या 16/2026 दर्ज है।



