उत्तराखंड में मिशन 2027 का शंखनाद: कल देवभूमि आ रहे राहुल गांधी, पौड़ी और अल्मोड़ा से फूंकेंगे चुनावी बिगुल!

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
दिल्ली/देहरादून। उत्तराखंड में साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए कांग्रेस ने अभी से बिसात बिछानी शुरू कर दी है। लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी कल यानी 4 जून से उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर आ रहे हैं। उनके इस दौरे को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने पूरी ताकत झोंक दी है। अपने इस दौरे के दौरान राहुल गांधी अल्मोड़ा में जनसभा और सैनिक बाहुल्य क्षेत्र पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन के जरिए सीधे जनता, युवाओं और देश के गौरव पूर्व सैनिकों से संवाद करेंगे। कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि आगामी चुनाव मैदान में ‘अग्निवीर भर्ती योजना’ और उत्तराखंड के ज्वलंत मुद्दे भाजपा के खिलाफ सबसे बड़ा सियासी हथियार होंगे।
पौड़ी में पूर्व सैनिक सम्मेलन: ‘अग्निपथ’ और ‘वन रैंक वन पेंशन पर आर-पार की जंग
उत्तराखंड देश का एक ऐसा राज्य है जहां का लगभग हर दूसरा परिवार सेना से जुड़ा है। युवाओं और पूर्व सैनिकों के इसी बड़े वोट बैंक को साधने के लिए 4 जून को पौड़ी में एक विशाल ‘पूर्व सैनिक सम्मेलन’ का आयोजन किया जा रहा है। इस सम्मेलन के माध्यम से राहुल गांधी युवाओं और पूर्व सैनिकों के साथ सीधा संवाद करेंगे।
संवाद के मुख्य बिंदु
अग्निपथ योजना का विरोध: कांग्रेस इस योजना को युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ मानती है। राहुल गांधी योजना के विभिन्न पहलुओं पर युवाओं के असंतोष को मंच देंगे।
वन रैंक वन पेंशन : पूर्व सैनिकों के इस बेहद संवेदनशील मुद्दे पर कांग्रेस अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए केंद्र सरकार को घेरेगी।
पेंशन पर आयकर का मुद्दा: पूर्व सैनिकों की पेंशन को आयकर के दायरे में लाने के फैसले का पुरजोर विरोध किया जाएगा, जो सेना से सेवानिवृत्त लोगों के बीच एक बड़ा मुद्दा बन चुका है।
रथ यात्रा के बाद अब राहुल गांधी संभालेंगे मोर्चा
कांग्रेस इस अभियान को केवल एक रैली तक सीमित नहीं रख रही है। इससे पहले कांग्रेस का ‘पूर्व सैनिक विभाग’ पूरे प्रदेश में रथ यात्रा निकालकर अग्निपथ योजना की कमियों को युवाओं और पूर्व सैनिकों के बीच ले जा चुका है। अब राहुल गांधी का यह दौरा इस जमीनी अभियान को एक धारदार और आक्रामक सियासी रूप देने जा रहा है। 4 जून को पौड़ी में पूर्व सैनिकों को साधने के बाद राहुल गांधी अल्मोड़ा रैली में आम जनता के स्थानीय मुद्दों को उठाकर भाजपा सरकार की नीतियों पर कड़ा प्रहार करेंगे।
“अग्निवीर भर्ती योजना उत्तराखंड के होनहार युवाओं के भविष्य के साथ सरासर धोखा है। भारतीय सेना में हमारे उत्तराखंड के युवाओं का हमेशा से सबसे बड़ा और गौरवशाली योगदान रहा है। लेकिन इस नई नीति ने राज्य के युवाओं और उनके परिवारों को गहरी चिंता में डाल दिया है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को लेकर लगातार जनता के बीच जा रही है और राहुल गांधी स्वयं इस सम्मेलन में पूर्व सैनिकों व युवाओं से मिलकर इन तमाम गंभीर मुद्दों पर सीधा संवाद करेंगे।” गणेश गोदियाल, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
सियासी गलियारों में हलचल: राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राहुल गांधी का यह दौरा उत्तराखंड की सियासत में एक नया मोड़ ला सकता है। सेना और युवाओं के मुद्दों पर घिरी भाजपा को बैकफुट पर धकेलने के लिए कांग्रेस का यह दांव बेहद सोची-समझी रणनीति का हिस्सा है।



