जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने किया स्यानाचट्टी भूस्खलन क्षेत्र का निरीक्षण, एक हफ्ते में पुल निर्माण पूरा करने के सख्त निर्देश

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
स्यानाचट्टी,uttarkashi ; जनपद में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने शनिवार को स्यानाचट्टी स्थित भूस्खलन प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। चारधाम यात्रा मार्ग पर यातायात को सुचारु रखने और स्थानीय लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को युद्धस्तर पर काम करने के सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता को स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर निर्माणाधीन ब्रिज का काम हर हाल में एक सप्ताह के भीतर पूरा करने की डेडलाइन दी है।
श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने स्पष्ट किया कि चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है। उन्होंने एनएच विभाग को निर्देश दिए कि राजमार्ग पर यातायात की जल्द से जल्द बहाली के लिए वैकल्पिक मार्ग का निर्माण युद्धस्तर पर किया जाए और मौके पर सभी आवश्यक संसाधन तुरंत उपलब्ध कराए जाएं।
यात्रियों की सहूलियत के लिए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी बड़कोट को ट्रांसशिपमेंट व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा, वैकल्पिक पैदल मार्ग के संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के लिहाज से पर्याप्त रस्सियां और रात के लिए सोलर लाइट लगाने को कहा गया है।
नदी चैनलाइजेशन कार्यों में तेजी लाने और मलबा हटाने के निर्देश
जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग द्वारा यमुना नदी पर किए जा रहे चैनलाइजेशन (नदी के प्रवाह को सही दिशा देने) के कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने गढ़गाड़ क्षेत्र में नदी के प्रवाह में बाधा बन रहे मलबे को तत्काल हटाने के लिए अभियान तेज करने के निर्देश दिए। सिंचाई विभाग के अधिकारियों को हिदायत दी गई है कि काम में मशीनों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि नदी का प्रवाह सामान्य रहे और बाढ़ या भूस्खलन के संभावित खतरे को कम किया जा सके।
”प्रशासन हर स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। प्रभावित क्षेत्र में राहत, सुरक्षा और यातायात बहाली के कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जा रहा है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”— प्रशांत आर्य, जिलाधिकारी
निरीक्षण के दौरान मौजूद रहे प्रशासनिक अधिकारी
इस स्थलीय निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी के साथ एसडीएम बृजेश तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी चंचल शर्मा, सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता पन्नी लाल, एनएच के अधिशासी अभियंता मनोज रावत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी शार्दूल गुस्साई और लोनिवि के एसडीओ ध्वजवीर तोमर सहित कई अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।



