उत्तराखण्ड सरकार की अनूठी पहल: प्रदेशवासियों को मिलेगी सोमनाथ धाम की निःशुल्क AC ट्रेन यात्रा, आवेदन की प्रक्रिया शुरू

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
Dehradun: राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तराखण्ड सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा एक सराहनीय कदम उठाया गया है। सरकार द्वारा समस्त उत्तराखण्ड वासियों के लिए “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व – विशेष निःशुल्क ट्रेन यात्रा 2026” का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष योजना के तहत प्रदेश के चयनित नागरिकों को गुजरात स्थित सुप्रसिद्ध पवित्र सोमनाथ धाम की पूर्णतः निःशुल्क AC ट्रेन यात्रा कराई जाएगी।
उत्तराखण्ड सरकार इस पूरी यात्रा के दौरान यात्रियों के रहने, उत्तम भोजन और स्थानीय परिवहन की समस्त व्यवस्थाएं पूरी तरह निःशुल्क करेगी, जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
कौन कर सकता है यात्रा के लिए आवेदन?
इस यात्रा का लाभ उठाने के लिए आवेदक का उत्तराखण्ड का स्थाई निवासी होना अनिवार्य है। योजना के अंतर्गत दो अलग-अलग आयु वर्गों को विशेष अवसर दिया जा रहा है:
- वरिष्ठ नागरिक समूह: इसके तहत 60 वर्ष या उससे अधिक आयु के बुजुर्ग आवेदन कर सकते हैं।
- प्रोनेशनल समूह: इसके अंतर्गत 40 वर्ष से कम आयु के युवा भी यात्रा के पात्र होंगे।
इसके अतिरिक्त, आवेदक का सरकार द्वारा निर्धारित 11 विशिष्ट समूहों (जैसे स्ट्रीट वेंडर्स, गिग वर्कर्स, सीमांत ग्रामीण आदि) में से किसी एक के अंतर्गत आना आवश्यक है।
आवश्यक दस्तावेज
यात्रा के इच्छुक नागरिक आवेदन के साथ निम्नलिखित दस्तावेज संलग्न करें:
- आधार कार्ड / पैन कार्ड
- निवास प्रमाण पत्र (Domicile Certificate)
- स्वास्थ्य संबंधी स्व-घोषणा पत्र
- 2 पासपोर्ट साइज फोटो
कैसे करें आवेदन?
उतरकाशी जनपद के इच्छुक नागरिक अपना पूर्णतः भरा हुआ आवेदन पत्र विकास भवन स्थित जिला पंचायतराज कार्यालय के कमरा संख्या 117 पर जमा करा सकते हैं।
योजना से जुड़ी किसी भी प्रकार की विस्तृत जानकारी या सहायता के लिए सहायक नोडल अधिकारी नितिन नौटियाल से उनके मोबाइल नंबर 9456561117 अथवा ईमेल dpro.uki@gmail.com पर भी सीधा संपर्क किया जा सकता है।
महत्वपूर्ण नोट: इस यात्रा के लिए सीटें बेहद सीमित हैं, इसलिए यात्रियों का चयन “पहले आओ – पहले पाओ” के आधार पर किया जाएगा। यदि निर्धारित सीटों से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं, तो अंतिम चयन का निर्णय विभाग की विशेष चयन समिति द्वारा लिया जाएगा।



