जमीन पैमाइश के नाम पर 30 हजार रुपये की घूस लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार, विजिलेंस टीम ने दबोचा

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
हल्द्वानी/नैनीताल: नैनीताल जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई की। धारी तहसील में तैनात पटवारी निर्मल बोरा को जमीन की नाप-जोख (पैमाइश) कराने के एवज में 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया है।
जमीन नापने के बदले मांगी थी रिश्वत
मामला धारी तहसील के मौड़ा गांव का है। पीड़ित ग्रामीण ने अपनी जमीन की पैमाइश कराने के लिए संबंधित क्षेत्र के पटवारी निर्मल बोरा से संपर्क किया था। आरोप है कि पटवारी काम करने के बदले लगातार रिश्वत की मांग कर रहा था। पीड़ित घूस देने के पक्ष में नहीं था, इसलिए उसने सतर्कता विभाग के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1064 पर शिकायत दर्ज कराई।
जाल बिछाकर मौके से दबोचा
विजिलेंस द्वारा कराई गई गोपनीय प्रारंभिक जांच में पटवारी पर लगे आरोप सही पाए गए। इसके बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान (सेक्टर नैनीताल-हल्द्वानी) में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। विजिलेंस पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। शनिवार को योजनाबद्ध तरीके से तहसील परिसर में दबिश दी गई और जैसे ही पटवारी निर्मल बोरा ने शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये लिए, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
सफल ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार की घोषणा
इस सफल कार्रवाई पर सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने टीम की पीठ थपथपाई और सदस्यों को नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। विजिलेंस निदेशक ने आम नागरिकों से अपील की है कि यदि कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी काम के एवज में रिश्वत की मांग करता है, तो बिना डरे विभाग के टोल-फ्री नंबर पर इसकी शिकायत अवश्य करें।



