उत्तरकाशीउत्तराखंडकेदारतालखोजबीनट्रैकिंग दलहिमस्खलन

उत्तरकाशी में केदारताल ट्रैक पर बड़ा हादसा: भारी बर्फबारी और एवलांच की चपेट में आए ट्रैकर्स, महिला समेत दो के शव बरामद

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​uttarkashi: उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री से केदारताल ट्रैक पर गए ट्रैकिंग दल के प्रतिकूल मौसम और भारी बर्फबारी के चलते एवलांच (हिमस्खलन) की चपेट में आने की दुखद खबर सामने आई है। जनपद आपातकालीन परिचालन केन्द्र, उत्तरकाशी द्वारा जारी आधिकारिक रिपोर्ट के अनुसार, लगभग 4,000 मीटर की ऊंचाई पर हुई इस घटना में राहत एवं बचाव दल ने एक महिला और एक पुरुष का शव बरामद कर लिया है।

​30 अक्टूबर को रवाना हुआ था 8 सदस्यीय दल

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ‘Soul Seeker tracking agency’ के माध्यम से 30 अक्टूबर 2026 को गंगोत्री से केदारताल के लिए 8 सदस्यीय दल रवाना हुआ था, जिसमें 7 ट्रैकर्स और 1 गाइड शामिल थे। एजेंसी के संचालक द्वारा 30 अक्टूबर की शाम लगभग 06:39 बजे प्रशासन को सूचित किया गया था कि वापसी के दौरान भारी हिमपात और एवलांच के कारण पूरा दल करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर फंसकर लापता हो गया है।

​SDRF और NIM की संयुक्त टीम का सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) की संयुक्त टीम को रेस्क्यू अभियान में लगाया गया। सैटेलाइट फोन के माध्यम से मिली सूचना के अनुसार, 3 नवंबर 2026 की सुबह लगभग 07:30 बजे संभावित क्षेत्रों में फिर से व्यापक खोज अभियान शुरू किया गया।

​सर्च ऑपरेशन के दौरान टीम ने बर्फ और मलबे में दबे एक महिला और एक पुरुष का शव कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। हालांकि, अभी तक मृतकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है। दोपहर करीब 03:00 बजे मौसम और परिस्थितियों को देखते हुए अभियान स्थगित कर टीम वापस बेस कैंप लौट आई।

​राहत कार्यों के लिए वैकल्पिक हेलीपैड तैयार

प्रशासन ने बताया कि राहत और बचाव कार्यों को गति देने के लिए घटनास्थल के पास एक वैकल्पिक हेलीपैड तैयार किया गया है।

​कल फिर चलेगा खोज अभियान

अधिकारियों के अनुसार, शेष लापता ट्रैकर्स की तलाश के लिए 4 नवंबर 2026 की सुबह पुनः सघन सर्च अभियान चलाया जाएगा। घटना की विस्तृत रिपोर्ट शासन और संबंधित उच्चाधिकारियों को प्रेषित की जा रही है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button