
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
Uttarkashi : पुलिस को ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने विदेश भेजने और वीजा दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर वांछित आरोपी को अमृतसर एयरपोर्ट से दबोच लिया है। आरोपी देश छोड़कर भागने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी और लुक आउट नोटिस के चलते उसे एयरपोर्ट पर ही रोक लिया गया।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, मार्च 2026 में उत्तरकाशी के एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि विदेश भेजने और वीजा दिलाने के नाम पर उससे ₹3.20 लाख की धोखाधड़ी की गई है। इस शिकायत पर पंजाब के बरनाला निवासी आरोपी जसप्रीत सिंह के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।
मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को धारा 35(3) के तहत नोटिस तामील कराया था, लेकिन वह लगातार पुलिस जांच में सहयोग करने से बच रहा था और फरार चल रहा था। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उत्तरकाशी पुलिस ने तकनीकी और सर्विलांस माध्यमों का सहारा लिया। जब पुलिस को इनपुट मिला कि आरोपी देश छोड़कर विदेश भागने की योजना बना रहा है, तो पुलिस ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए उसके खिलाफ लुक आउट नोटिस (Look Out Notice) जारी करवा दिया।
लुक आउट नोटिस का असर यह हुआ कि 18 जून 2026 को जैसे ही आरोपी जसप्रीत सिंह विदेश भागने के इरादे से अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचा, वहां सुरक्षा जांच के दौरान उसे पहचान कर रोक लिया गया। अमृतसर एयरपोर्ट अथॉरिटी ने तुरंत इसकी सूचना उत्तरकाशी पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली उत्तरकाशी से पुलिस टीम तुरंत अमृतसर रवाना हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर उत्तरकाशी ले आई। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
आरोपी का विवरण:
नाम: जसप्रीत सिंह (उम्र 22 वर्ष) पुत्र लखविंदर सिंह
निवासी: गली नंबर-5, शेखा रोड, बरनाला, पंजाब।
पुलिस टीम
उपनिरीक्षक विनोद पंवार
हेड कांस्टेबल महिपाल सिंह
कांस्टेबल कपिल कुमार
पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय ने आम जनता से अपील की है कि विदेश जाने या वीजा लगवाने के नाम पर किसी भी अज्ञात या अनधिकृत एजेंट के झांसे में न आएं। किसी भी प्रकार के संदेह या धोखाधड़ी होने पर तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन को सूचित करें।



