उत्तराखंडकुंभ मेला-2027हरिद्वार

गंगा के तटों पर आकार लेने लगी अस्थायी कुम्भ नगरी: पंतद्वीप, बैरागी कैंप, गौरीशंकर और दक्षद्वीप में शुरू हुआ टेंटों की स्थापना का काम; कार्मिकों के लिए लगेंगे 5 हजार से अधिक टेंट

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​हरिद्वार: हरिद्वार में आयोजित होने वाले कुम्भ मेला-2027 के लिए गंगा के पावन तटों पर एक नई अस्थायी नगरी आकार लेने लगी है। मेले की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से चलाने के लिए पहले चरण में पंतद्वीप, बैरागी कैंप, गौरीशंकर और दक्षद्वीप जैसे प्रमुख क्षेत्रों में टेंटों की स्थापना का कार्य शुरू कर दिया गया है। आने वाले दिनों में बाहरी सेक्टरों में भी इन कार्यों का विस्तार किया जाएगा।

​35 हजार कार्मिकों के लिए तैयार हो रहे आवासीय शिविर

कुम्भ के दौरान देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं और साधु-संतों के साथ-साथ व्यवस्थाओं में जुटने वाले पुलिस, प्रशासन और विभिन्न विभागों के करीब 30 से 35 हजार कार्मिकों की तैनाती की जानी है। उनके कार्यस्थलों के अनुरूप अलग-अलग सेक्टरों में आवासीय शिविर और अस्थायी कार्यालय तैयार किए जा रहे हैं। इसके लिए मेला भूमि को चरणबद्ध तरीके से समतल कर टेंट लगाए जा रहे हैं। दूसरी ओर, आवंटित भूमि पर अखाड़ों, आश्रमों तथा धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के शिविर लगाने की तैयारियां भी तेज हो गई हैं।

​पारंपरिक और आधुनिक टेंटों का दिखेगा संगम

इस अस्थायी नगरी में कार्मिकों के आवास और कार्यालयी कामकाज के लिए पांच हजार से अधिक टेंट लगाए जाने प्रस्तावित हैं। इनमें पारंपरिक और आधुनिक दोनों तरह के टेंट शामिल होंगे, जिनमें मुख्य रूप से:

​स्विस कॉटेज और फैमिली टेंट

​दरबारी, महाराजा और पगोडा टेंट

​ईपी टेंट, छोलदारी और विशाल जर्मन हैंगर

​मेलाधिकारी ने किया निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया जोर

गुरुवार को मेलाधिकारी सोनिका ने बैरागी कैंप, पंतद्वीप और दक्षद्वीप पहुंचकर टेंट स्थापना और आधारभूत व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि टेंटों और शिविरों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि कार्मिकों के मेला क्षेत्र में पहुंचने से पहले ही सभी शिविर स्थलों तक सुगम सड़क, निर्बाध बिजली आपूर्ति, स्वच्छ पेयजल, शौचालय और साफ-सफाई की व्यवस्था पूरी कर ली जाए। निरीक्षण के दौरान उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button