चिन्यालीसौड़ के खालसी मार्ग पर खाई में गिरी कार, एक युवक की मौत, दूसरा गंभीर रूप से घायल

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
Uttarkashi : चिन्यालीसौड़ के खालसी मार्ग पर शुक्रवार शाम एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है, जहां एक अनियंत्रित कार गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में कार सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। घायल को आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे खालसी रोड पर ‘राणो की गाड़’ के पास एक टाटा अल्ट्रोज कार (संख्या: DL14 CG 3050, नीला रंग) अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 200 मीटर गहरी खाई में पलट गई। हादसा इतना भयानक था कि कार के परखच्चे उड़ गए और वाहन में सवार एक युवक का शव गाड़ी से छिटककर करीब 150 मीटर नीचे जा गिरा।
शाम करीब 4:40 बजे आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से पुलिस को दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना मिलते ही चौकी चिन्यालीसौड़ से पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा। राजस्व क्षेत्र होने के बावजूद पुलिस और स्थानीय ग्रामीणों ने बिना वक्त गंवाए तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से भारी मशक्कत के बाद मृतक के शव को खाई से बाहर निकाला गया और अग्रिम कार्रवाई व पोस्टमार्टम के लिए चिन्यालीसौड़ मोर्चरी भेजा गया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दूसरे युवक को तुरंत रेस्क्यू कर चिन्यालीसौड़ अस्पताल भिजवाया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
मृतक का विवरण: सूरज (24 वर्ष), पुत्र स्वर्गीय श्याम सिंह, निवासी- खालसी।
घायल का विवरण: सुमन पवार (25 वर्ष), पुत्र चंद्र सिंह, निवासी- न्यू खालसी (अस्पताल में उपचाराधीन)।



