उत्तराखंडटिहरीदुर्घटनारुद्रप्रयागहादसा

उत्तराखंड में तीन भीषण सड़क हादसों ने बरपाया कहर: 14 लोगों की दर्दनाक मौत, 36 घायल

 

 

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​देहरादून: उत्तराखंड में मंगलवार को हुए तीन अलग-अलग भीषण सड़क हादसों ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। टिहरी, रुद्रप्रयाग और ऋषिकेश क्षेत्र में हुई इन दुर्घटनाओं में कुल 14 लोगों की जान चली गई, जबकि 36 लोग घायल हो गए। कहीं यात्रियों से भरी बस पुल से 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी, तो कहीं बोलेरो और मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में समा गए। हादसों के बाद घटनास्थलों पर चीख-पुकार मच गई और अपनों को खोने वाले परिवारों में मातम पसर गया है।

​1. टिहरी (गूलर घाटी): पुल से 100 मीटर नीचे गदेरे में गिरी बस, 9 की मौत

सबसे बड़ा हादसा टिहरी जिले में गूलर घाटी के पास मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे हुआ। हरिद्वार से चमोली के कर्णप्रयाग जा रही एक यात्री बस गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। इस दुर्घटना में नौ लोगों की मौत हो गई और 26 यात्री घायल हो गए, जिनमें से छह की हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की ब्यासी पोस्ट से उपनिरीक्षक सावर सिंह के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ढालवाला और एसडीआरएफ वाहिनी मुख्यालय से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

​2. रुद्रप्रयाग: गहरी खाई में गिरी बोलेरो, चार ने तोड़ा दम

दूसरी घटना रुद्रप्रयाग जिले में सोमवार देर रात बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर हुई। पोखरी क्षेत्र से रांसी की ओर जा रहा एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। वाहन में करीब 10 लोग सवार थे, जिनमें से चार की मौके पर ही मौत हो गई और छह लोग घायल हो गए। सूचना पर कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और सीओ रुद्रप्रयाग 108 एंबुलेंस के साथ मौके पर पहुंचे। रातभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद सभी को खाई से बाहर निकाला गया। घायलों में से दो को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि चार गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

​3. फकोट (बांसकाटल): मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत, चार गंभीर

तीसरा हादसा फकोट विकासखंड (दोगी पट्टी) के बांसकाटल गांव में हुआ, जहां एक मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को वाहन से बाहर निकाला गया। चारों घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है।

​पीएम मोदी, सीएम धामी और राहुल गांधी ने जताया शोक

इन हृदयविदारक हादसों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। तीनों नेताओं ने मृतकों के परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button