अंकिता भंडारी हत्याकांडउत्तराखंडदेहरादूनसीबीआई

गुजरात के गांधीनगर में होगा उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ का नार्को टेस्ट; कोर्ट में पेशी के दौरान लगाए गंभीर आरोप

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​देहरादून: उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े ऑडियो प्रकरण में एक नया मोड़ आ गया है। इस मामले में चर्चाओं में आईं अभिनेत्री उर्मिला सनावर और पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट अब गुजरात के गांधीनगर में कराया जाएगा। शुक्रवार को देहरादून स्थित सीबीआई (CBI) कोर्ट में हुई सुनवाई के बाद यह फैसला लिया गया। हालांकि, यह टेस्ट किस तारीख को होगा, इस पर अभी सस्पेंस बरकरार है।

​नार्को टेस्ट के लिए जताई सहमति, लेकिन रखी यह शर्त

जेल से रिहा होने के बाद शुक्रवार को सीबीआई कोर्ट में पेश हुईं उर्मिला सनावर ने नार्को टेस्ट कराने के लिए अपनी सहमति दे दी है। हालांकि, उन्होंने कोर्ट के समक्ष यह मांग भी रखी कि उनसे पहले पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ का नार्को टेस्ट कराया जाना चाहिए।

​जेल में प्रलोभन और खाने में कुछ मिलाने के गंभीर आरोप

कोर्ट परिसर में मीडिया से बातचीत और सुनवाई के दौरान उर्मिला सनावर ने कई सनसनीखेज आरोप लगाए, उर्मिला ने दावा किया कि जब वह जेल में बंद थीं, तब उन्हें मामले में चुप रहने या समझौता करने के लिए 25 लाख रुपये नकद और एक कार देने का ऑफर दिया गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि जेल में रहने के दौरान उनके खाने-पीने की चीजों में कुछ मिलाया गया था, जिसके कारण उन्हें अब चलने-फिरने में परेशानी हो रही है। उर्मिला ने यह भी कहा कि पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ की ओर से उनके लिए करवाचौथ का सामान भिजवाया गया था।

​उन्होंने खुद को इस मामले का व्हिसलब्लोअर बताते हुए कहा कि इस केस से जुड़े कथित ‘वीआईपी’ (VIP) का नाम सबसे पहले उन्होंने ही उजागर किया था।

​भाजपा का झंडा लगी गाड़ी से पहुंचीं कोर्ट

पेशी के दौरान एक और बात चर्चा का विषय बनी रही। उर्मिला सनावर जिस वाहन से सीबीआई कोर्ट पहुंचीं, उस पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का झंडा लगा हुआ था। इस पर उन्होंने स्पष्ट रूप से खुद को भाजपा की सक्रिय सदस्य बताया।

गौरतलब है कि उर्मिला सनावर इससे पहले 23 अक्टूबर को भी कोर्ट में पेश हुई थीं। उस समय मामले की अगली सुनवाई 26 अक्टूबर को तय की गई थी, लेकिन सुनवाई से पहले ही हरिद्वार पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। अब जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने दोबारा कोर्ट पहुंचकर जांच में सहयोग करने और नार्को टेस्ट के लिए तैयार होने की बात कही है। अब सभी की निगाहें गांधीनगर में होने वाले इस टेस्ट की तारीख पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button