उत्तरकाशीउत्तराखंडचमोली

रवांई के लाल ने पेश की सादगी की मिसाल: महंगे आयोजनों से दूर मां उमा देवी मंदिर में रचाई शादी

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​कर्णप्रयाग : शादी को यादगार बनाने के लिए महंगे इंतजाम और आधुनिक चकाचौंध ही जरूरी नहीं होती, बल्कि सादगी और परंपराएं भी इसे खास बना सकती हैं। इस बात की एक बेमिसाल मिसाल उत्तराखंड के दो युवा प्रशासनिक अधिकारियों ने पेश की है। रवांई घाटी के पुरोला (पुजेली गांव) निवासी और कर्णप्रयाग के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) अलकेश नौडियाल तथा भिकियासैंण (अल्मोड़ा) की एसडीएम याक्षी अरोड़ा ने शाही खर्चों को दरकिनार कर बेहद सादगीपूर्ण तरीके से विवाह रचाया।

​पौराणिक मां उमा देवी मंदिर में लिए सात फेरे

दोनों अधिकारियों ने अपने जीवन के इस सबसे महत्वपूर्ण पल के लिए देवभूमि के धार्मिक और आध्यात्मिक परिवेश को चुना। उन्होंने कर्णप्रयाग स्थित प्रसिद्ध और पौराणिक मां उमा देवी मंदिर के पावन प्रांगण में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए और जीवनभर के बंधन में बंध गए। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यह वही पवित्र स्थल है जहां मां भगवती उमा ने भगवान शिव को पति रूप में पाने के लिए कठोर तपस्या की थी और सप्त ऋषियों ने उन्हें आशीर्वाद दिया था।

​’वेडिंग डेस्टिनेशन उत्तराखंड’ को मिली मजबूती

आज के दौर में जहां शादियों में दिखावे और फिजूलखर्ची का चलन बढ़ रहा है, वहीं इन दोनों अधिकारियों के इस कदम की पूरे प्रदेश में खूब सराहना हो रही है। मंदिर परिसर में सादगी से संपन्न हुए इस विवाह ने न केवल समाज को एक सकारात्मक संदेश दिया है, बल्कि देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक स्थलों की महत्ता को भी उजागर किया है।

​स्थानीय लोगों और बुद्धिजीवियों का मानना है कि उच्च पदों पर आसीन अधिकारियों द्वारा इस तरह का निर्णय लेने से ‘वेडिंग डेस्टिनेशन उत्तराखंड’ की मुहिम को भी नई मजबूती मिलेगी। यह विवाह इस बात का प्रमाण है कि किसी भी रिश्ते की खूबसूरती भव्यता से कहीं अधिक उसकी परंपराओं, पवित्रता और आपसी अपनत्व में निहित होती है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button