
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
Uttarkashi: विकास भवन सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी प्रशान्त आर्य की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना और किसान क्रेडिट कार्ड की एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में अल नीनो के संभावित प्रभावों के मद्देनजर किसानों की फसल सुरक्षा को लेकर कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मुख्य कृषि अधिकारी एस.एस. वर्मा ने अवगत कराया कि फसल को नुकसान पहुंचने की स्थिति में किसानों को 72 घंटे के अंदर कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 पर सूचना दर्ज कराना अनिवार्य है। समय पर सूचना मिलने पर ही बीमा कंपनी और कृषि विभाग द्वारा आवश्यक कार्यवाही करते हुए फसल बीमा क्लेम का सटीक आकलन किया जा सकेगा।
जिलाधिकारी ने सभी बैंकों को कड़े निर्देश दिए हैं कि जनपद के सभी किसान क्रेडिट कार्ड धारकों का फसल बीमा हर हाल में किया जाए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसी KCC धारक का बीमा नहीं किया जाता है और भविष्य में उसे फसल का नुकसान होता है, तो उस नुकसान की पूरी भरपाई संबंधित बैंक द्वारा की जाएगी और इसकी जिम्मेदारी सीधे तौर पर बैंक की होगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों और बैंकों को निर्देशित किया है कि ऐसे पात्र किसान जिनका अभी तक KCC नहीं बन पाया है, उनका KCC शीघ्र बनाया जाए ताकि उन्हें भी सरकारी योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।
बैठक में किसानों की सुविधा के लिए फसल बीमा की अंतिम तिथि को 15 जुलाई 2026 से बढ़ाकर 31 जुलाई 2026 तक करने पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, मडुआ और धान के अतिरिक्त अन्य फसलों को भी फसल बीमा योजना के अंतर्गत शामिल करने की संस्तुति की गई है।
इस समीक्षा बैठक में मुख्य कृषि अधिकारी, मुख्य उद्यान अधिकारी, डीडीएम नाबार्ड, लीड बैंक मैनेजर, सहायक निबन्धक सहकारिता, विभिन्न बैंकों की शाखाओं के प्रतिनिधि, क्षेमा जनरल इंश्योरेंस कंपनी के प्रतिनिधि और कृषि विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। इसके अलावा, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनपद की समस्त कृषि सखी, सीआरपी, चैंपियन फार्मर और पीकेवीवाई के विकासखंड समन्वयक भी इस बैठक से जुड़े।



