उत्तरकाशीउत्तराखंडउप प्रधानपंचायत चुनाव

उत्तरकाशी में उप प्रधान पदों के लिए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित, 15 जुलाई को होगा मतदान और मतगणना

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​uttarkashi: राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखंड की अधिसूचना के क्रम में जनपद उत्तरकाशी की समस्त ग्राम पंचायतों में उप प्रधान के रिक्त पदों पर निर्वाचन कराने की घोषणा कर दी गई है। जिला मजिस्ट्रेट और जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) प्रशांत आर्य द्वारा इस संबंध में विस्तृत दिशा-निर्देश और समय-सारणी जारी कर दी गई है। खास बात यह है कि नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की पूरी प्रक्रिया 15 जुलाई को ही संपन्न करा ली जाएगी।

​एक ही दिन में पूरी होगी चुनावी प्रक्रिया

​जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 15 जुलाई 2026 को सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके तुरंत बाद सुबह 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) की जाएगी। दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी का समय नियत किया गया है, जिसके तुरंत बाद दोपहर 12:30 बजे से 01:00 बजे तक उम्मीदवारों को निर्वाचन चिन्ह (प्रतीक) आवंटित कर दिए जाएंगे। इसी दिन दोपहर 01:30 बजे से अपराह्न 03:30 बजे तक मतदान होगा और मतदान समाप्ति के बाद अपराह्न 04:00 बजे से मतगणना का कार्य शुरू होकर परिणाम घोषित होने तक जारी रहेगा।

​ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर होगी बैठक

​उत्तर प्रदेश पंचायत राज नियमावली, 1994 (उत्तराखंड में यथाप्रवृत्त) के नियमों के तहत 15 जुलाई को जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों में संबंधित ग्राम पंचायत भवन में बैठक बुलाई जाएगी। जिन ग्राम पंचायतों में भवन उपलब्ध नहीं है, वहाँ धार्मिक स्थलों या किसी निजी आवास को छोड़कर गांव के सरकारी विद्यालय या अन्य सार्वजनिक स्थल पर बैठक आयोजित की जाएगी। उप प्रधान पद के लिए नामांकन, जांच, नाम वापसी, चुनाव चिन्ह आवंटन, मतदान और मतगणना का पूरा कार्य संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही संपादित किया जाएगा।

​केवल वार्ड सदस्य करेंगे मतदान, प्रधान को अधिकार नहीं

​इस निर्वाचन प्रक्रिया में उप प्रधान का चुनाव ग्राम पंचायत के निर्वाचित सदस्यों (वार्ड सदस्यों) द्वारा अपनी नियत रीति से किया जाएगा। प्रशासनिक नियमों के स्पष्टीकरण के अनुसार, इस चुनाव में ग्राम प्रधान को मत देने का अधिकार नहीं होगा।

​8 जुलाई से मिलेंगे नामांकन पत्र

​निर्वाचन के लिए नाम निर्देशन पत्रों (नामांकन पत्रों) की बिक्री 08 जुलाई 2026 से 14 जुलाई 2026 तक संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालय पर सुबह 10:00 बजे से शाम 05:00 बजे तक की जाएगी। इसके अतिरिक्त, जो उम्मीदवार पहले फॉर्म नहीं ले पाएंगे, वे मतदान के दिन यानी 15 जुलाई 2026 को सुबह 08:00 बजे से 09:30 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत में निर्दिष्ट स्थान से भी नामांकन पत्र खरीद सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button