उत्तरकाशी में दर्दनाक सड़क हादसा: गंगोत्री हाईवे पर अनियंत्रित होकर नदी में गिरी इनोवा कार, 4 शव बरामद; सर्च ऑपरेशन जारी

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
uttarkashi: गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसे में अनियंत्रित होकर एक इनोवा कार सीधे भागीरथी नदी में जा समाई। यह दुर्घटना गंगनानी के समीप डबरानी की ओर हुई। हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर शुरू कर दिए गए। रेस्क्यू टीमों ने अब तक नदी किनारे से चार व्यक्तियों के शव बरामद कर लिए हैं।
घटनास्थल पर तुरंत पहुंचा राहत दल
हादसे की खबर मिलते ही जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों पर राहत एवं बचाव दल तत्काल सक्रिय हो गए। स्थानीय पुलिस, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और 108 आपातकालीन एंबुलेंस सेवा की टीमें बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचीं। नदी के तेज बहाव और विषम परिस्थितियों के बीच टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार शवों को बाहर निकाला।
तेज बहाव में गोताखोरों का सर्च ऑपरेशन
वाहन में सवार अन्य संभावित यात्रियों की तलाश के लिए जल पुलिस और कुशल गोताखोरों द्वारा नदी के भीतर व्यापक सर्च एवं रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है। बहाव तेज होने के कारण रेस्क्यू टीमों को कड़ी मशक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
प्रशासनिक निगरानी और स्वास्थ्य टीमें अलर्ट पर
जिला प्रशासन पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। मौके पर तैनात अधिकारियों को राहत कार्यों में तेजी लाने और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के कड़े निर्देश दिए गए हैं। आपदा प्रबंधन केंद्र सहित नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों व चिकित्सा टीमों को हाई अलर्ट पर रखा गया है, जिससे यदि कोई जीवित यात्री मिलता है तो उसे तुरंत प्राथमिक उपचार देकर अस्पताल पहुंचाया जा सके।
प्रशासन द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और मृतकों की शिनाख्त कर उनके परिजनों से संपर्क साधने के प्रयास किए जा रहे हैं।



