मोरी के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड: 33 मकान जलकर खाक, 58 परिवार प्रभावित; पंचायत भवन व प्राथमिक विद्यालय भी क्षतिग्रस्त, कल पहुंच सकते हैं सीएम धामी

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मोरी (उत्तरकाशी): जनपद उत्तरकाशी की सीमांत तहसील मोरी के दूरस्थ ग्राम पवाणी में मंगलवार सायं करीब 04:49 बजे हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। उपजिलाधिकारी (SDM) पुरोला से प्राप्त अद्यतन रिपोर्ट के अनुसार, इस भयावह आग में गांव के 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए हैं और कुल 58 परिवार सीधे तौर पर प्रभावित हुए हैं। वहीं, एक पंचायत भवन और एक प्राथमिक विद्यालय को भी नुकसान पहुंचा है। राहत की बात यह है कि इस हादसे में अब तक किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि की सूचना नहीं है।
इस हादसे में ग्रामीणों की जीवनभर की जमापूंजी—राशन, कपड़े, नकदी और ज्वैलरी—पल भर में जलकर खाक हो गई। घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुःख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता का भरोसा दिया है। वहीं, मुख्यमंत्री के कल (बुधवार) पवाणी गांव पहुंचने की भी संभावना है।
नुकसान का आधिकारिक ब्योरा: 33 मकान स्वाहा, 13 घर सुरक्षित
उपजिलाधिकारी (SDM) पुरोला से प्राप्त ताजा जानकारी के अनुसार, अग्निकांड में हुई क्षति का विवरण इस प्रकार है:
आवासीय भवन: आग की चपेट में आने से लकड़ी के बने 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर नष्ट हो गए हैं, जबकि गांव के 13 मकान सुरक्षित बच गए हैं।
प्रभावित परिवार: इस घटना से कुल 58 परिवार प्रभावित हुए हैं, जो कड़ाके की ठंड में खुले आसमान के नीचे आ गए हैं।
सरकारी संपत्ति: आग की चपेट में आने से गांव का 01 पंचायत भवन, 01 प्राथमिक विद्यालय भी क्षतिग्रस्त हुआ है।
जनहानि/पशुहानि: अब तक किसी भी प्रकार की मानवहानि या पशुहानि की सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
आग लगने के बाद रसोई गैस के करीब 5 से 7 सिलेंडरों में एक के बाद एक जोरदार धमाके हुए। पारंपरिक रूप से लकड़ी से बने मकान होने और सिलेंडरों के फटने के कारण आग ने अत्यंत विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया।
मुख्यमंत्री धामी ने दिए राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, कल कर सकते हैं दौरा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्राम पवाणी में हुए इस भीषण अग्निकांड में कई आवासीय भवनों के जलकर नष्ट होने पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। इस घटना को अत्यंत दुःखद एवं पीड़ादायक बताते हुए उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की है। मुख्यमंत्री ने घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने तथा प्रभावितों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।
साथ ही, नुकसान का शीघ्र आकलन कर नियमानुसार सहायता एवं राहत राशि उपलब्ध कराने को कहा है। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से सभी के सकुशल होने तथा प्रभावित परिवारों को इस विपदा से उबरने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, स्थिति का जायजा लेने और पीड़ितों से मिलने के लिए मुख्यमंत्री कल पवाणी पहुंच सकते हैं।
जिलाधिकारी ने संभाली कमान: कम्युनिटी किचन, महिला चिकित्सक और पशुचिकित्सा टीमों की तैनाती के निर्देश
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी प्रशांत आर्य और आपदा प्रबंधन अधिकारी स्वयं आपातकालीन परिचालन केन्द्र (DEOC) में मौजूद रहकर लगातार स्थिति की जानकारी ले रहे हैं और राहत अभियान की निगरानी कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निम्नलिखित सख्त निर्देश जारी किए हैं:
अधिकारियों की तैनाती: मुख्य विकास अधिकारी (CDO) को सभी रेखीय विभागों और संबंधित ब्लॉक के अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्यों में लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
कम्युनिटी किचन: जिला पूर्ति अधिकारी (DSO) को प्रभावित परिवारों की सुविधा के लिए घटनास्थल पर तत्काल कम्युनिटी किचन संचालित करने को कहा गया है, ताकि किसी को भोजन की समस्या न हो।
चिकित्सा एवं महिला डॉक्टर: मुख्य चिकित्साधिकारी (CMO) को चिकित्सा टीमें मौके पर तैनात रखने और पर्याप्त संख्या में महिला चिकित्सकों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
पशुधन की देखभाल: मुख्य पशु चिकित्साधिकारी (CVO) को पशुचिकित्सकों की टीमें मौके पर तैनात व अलर्ट पर रखने को कहा गया है, ताकि पशुधन का भी समय पर उपचार हो सके।
बुनियादी सुविधाएं: सभी प्रभावित परिवारों के लिए आवास, टेंट, पेयजल, कंबल व अन्य आवश्यक राहत सामग्री शीघ्र उपलब्ध कराने के स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन के निर्देश पर एसडीआरएफ, फायर सर्विस, पुलिस और राजस्व की संयुक्त टीमें आवश्यक उपकरणों व राहत सामग्री के साथ मौके के लिए रवाना हो चुकी हैं।
सवालों के घेरे में व्यवस्था: हर साल दोहराई जाती है त्रासदी
मोरी ब्लॉक के दूरस्थ गांवों में अग्निकांड की यह कोई पहली घटना नहीं है। क्षेत्र के ग्रामीणों में इस बात को लेकर गहरा रोष है कि हर साल मोरी विकासखंड के किसी न किसी गांव में इसी तरह की भीषण आगजनी की घटनाएं घटती हैं, जिनमें पूरे के पूरे गांव तबाह हो जाते हैं। इसके बावजूद शासन और प्रशासन की ओर से इन लकड़ी के बहुलता वाले सीमांत गांवों में आग से बचाव, अग्निशमन की स्थानीय व्यवस्था और त्वरित आपदा प्रबंधन के कोई ठोस व स्थायी उपाय अब तक नहीं किए जा सके हैं।



