पेपर लीक के बाद एनटीए का बड़ा फैसला: अब 21 जून को दोबारा होगी परीक्षा

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
नई दिल्ली: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट-यूजी (NEET-UG) 2026 की पुन: परीक्षा की तारीखों का आधिकारिक एलान कर दिया है। पेपर लीक और धांधली के आरोपों के बीच रद्द हुई यह परीक्षा अब 21 जून 2026 (रविवार) को देशभर में आयोजित की जाएगी। इससे पहले यह परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, लेकिन सुरक्षा में सेंध और अनियमितताओं के कारण इसे निरस्त कर दिया गया था।
छात्रों को इस दोबारा होने वाली परीक्षा के लिए कोई नई फीस नहीं देनी होगी। पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। एनटीए ने अभिभावकों और छात्रों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया की अफवाहों से बचें और केवल आधिकारिक माध्यमों से मिली जानकारी पर ही भरोसा करें।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को एक महत्वपूर्ण उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में शिक्षा मंत्रालय और एनटीए के शीर्ष अधिकारी शामिल हुए। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और सुरक्षित बनाना है। सरकार का संकल्प है कि मेहनत करने वाले छात्रों के भविष्य के साथ कोई समझौता न हो।
एनटीए के महानिदेशक अभिषेक सिंह ने कहा कि “पेपर लीक माफिया” के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ईमानदारी से पढ़ाई करने वाले लाखों छात्रों का नुकसान नहीं होने दिया जाएगा। हम भविष्य में ऐसी गड़बड़ियों को रोकने के लिए पुख्ता व्यवस्था कर रहे हैं।”



