आस्थाउत्तराखंडकुंभ मेला-2027धर्म कर्महरिद्वार

कुंभ मेला-2027: हरिद्वार में 7.84 करोड़ से बनेंगे ‘पैडिस्ट्रियन फ्रेंडली’ फुटपाथ, मेलाधिकारी ने शिवालिक नगर में परखीं तैयारियां

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​हरिद्वार। आगामी कुंभ मेला-2027 को भव्य, सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए हरिद्वार में व्यापक स्तर पर विकास कार्यों को गति दी जा रही है। हरकी पैड़ी को केंद्र में रखते हुए प्रमुख मंदिरों और धार्मिक स्थलों तक श्रद्धालुओं के आवागमन को सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष ‘पैडिस्ट्रियन फ्रेंडली’ (पैदल अनुकूल) फुटपाथ तैयार किए जा रहे हैं। इसी क्रम में भगत सिंह चौक से बिल्केश्वर-मां मंसा देवी मार्ग तक 6,500 मीटर लंबे फुटपाथ का निर्माण तेजी से जारी है।

भगत सिंह चौक से मंसा देवी मार्ग तक ₹7.84 करोड़ की परियोजना

लोक निर्माण विभाग (पीआईयू) के माध्यम से संचालित इस योजना के लिए 7.84 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के तहत वर्षों से जमा मलबे को हटाकर रेज्ड फुटपाथ बनाए जा रहे हैं। साथ ही मार्ग के सौंदर्यीकरण और हरियाली बढ़ाने के लिए उपयुक्त स्थानों पर ग्रीन प्लांटर एरिया विकसित किए जा रहे हैं।

बिल्केश्वर मंदिर मार्ग पर दोनों तरफ पेव्ड शोल्डर्स, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों का पुनर्निर्माण, केसी नालियों का निर्माण तथा सड़क चौड़ीकरण के कार्य शामिल हैं।

रेलवे विभाग के साथ संयुक्त निरीक्षण के बाद सहमति बनी है कि साइड की दीवार को थोड़ा पीछे कर मार्ग चौड़ा किया जाएगा, जिससे तिराहे पर वाहनों के मुड़ने और आवागमन में सुगमता आएगी।

मेलाधिकारी ने शिवालिक नगर में स्थलीय निरीक्षण कर दिए निर्देश

कुंभ मेला की तैयारियों की समीक्षा के सिलसिले में मेलाधिकारी सोनिका ने शिवालिक नगर क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न निर्माण कार्यों का स्थलीय जायजा लिया। उन्होंने पुल, सड़क निर्माण, चौराहों के सुधार, पार्किंग और जन-सुविधाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति देखी।

​मेलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद शिवालिकनगर के अध्यक्ष राजीव शर्मा और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनके सुझाव भी लिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य समयबद्धता और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं। विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर योजनाओं को आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों के उपयोगी सुझावों का परीक्षण कर उन्हें कार्ययोजना में शामिल किया जाए।

​इस निरीक्षण के दौरान एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार, एचआरडीए के उद्यान अधिकारी ए.आर. जोशी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button