आस्थाउत्तरकाशीउत्तराखंडगंगोत्री धामचारधाम यात्रादेश-विदेशधर्म कर्मपुलिस

गंगोत्री धाम में पुलिस की ईमानदारी: महाराष्ट्र की महिला श्रद्धालु को लौटाया सोने का मंगलसूत्र और नकदी

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​उत्तरकाशी : चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सहायता के लिए तत्पर उत्तराखंड पुलिस ने एक बार फिर ईमानदारी और संवेदनशीलता की मिसाल पेश की है। गंगोत्री धाम मंदिर परिसर में तैनात एक पुलिस जवान की मुस्तैदी के कारण महाराष्ट्र से आई एक महिला श्रद्धालु का खोया हुआ कीमती मंगलसूत्र और नकदी उन्हें सकुशल वापस मिल गई है।

जानकारी के अनुसार बुधवार को गंगोत्री धाम मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था में तैनात अपर उपनिरीक्षक देवदास को ड्यूटी के दौरान मंदिर प्रांगण में एक लावारिस पर्स पड़ा हुआ मिला। पुलिस जवान ने ईमानदारी का परिचय देते हुए तत्काल उस पर्स को अपने सुरक्षित कब्जे में लिया और चौकी में जमा कराया। जब पर्स को खोलकर देखा गया, तो उसमें एक सोने का मंगलसूत्र और ₹1100/- की नकदी मौजूद थी। इसके तुरंत बाद पुलिस द्वारा पर्स के मालिक की तलाश शुरू कर दी गई।

कड़ी मशक्कत और जानकारी जुटाने के बाद उत्तराखंड पुलिस ने पर्स की मालकिन कल्पना (निवासी महाराष्ट्र) को ढूंढ निकाला। पुलिस चौकी बुलाकर महिला श्रद्धालु को उनका सोने का मंगलसूत्र और नकदी पूरी तरह सुरक्षित सुपुर्द कर दी गई। अपना खोया हुआ कीमती मंगलसूत्र और पैसे वापस पाकर महिला श्रद्धालु और उनके परिजनों के चेहरे खिल उठे।

पीड़ित महिला श्रद्धालु ने बताया कि वह अपने परिजनों और परिचितों के साथ चारधाम यात्रा के सिलसिले में गंगोत्री धाम के दर्शन करने आई थीं। दर्शन करने के दौरान उनका मंगलसूत्र कहीं गिर गया था, जिसके बाद से वह और उनका पूरा परिवार बेहद परेशान और चिंतित था। उन्हें उम्मीद नहीं थी कि भीड़भाड़ वाले इस धाम में उनका कीमती सामान इतनी जल्दी और सुरक्षित वापस मिल जाएगा।

सामान वापस मिलने के बाद महिला श्रद्धालु और उनके साथ आए परिजनों ने पुलिस जवान देवदास की ईमानदारी, संवेदनशीलता और त्वरित कार्यशैली की जमकर सराहना की। भावुक होते हुए पूरे परिवार ने देवभूमि की पुलिस का सहृदय आभार व्यक्त किया और कहा कि उत्तराखंड पुलिस का यह मानवीय चेहरा हमेशा उनके दिलों में रहेगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button