केदारघाटी में गूंजा ‘जय जय केदारा’: गायक कैलाश खेर ने किए बाबा के दर्शन, व्यवस्थाओं को सराहा

पत्रिका न्यूज
केदारनाथ धाम | प्रसिद्ध पार्श्व गायक और अपनी सूफी गायकी के लिए विख्यात कैलाश खेर गुरुवार को बाबा केदार के दर पर पहुंचे। उन्होंने केदारनाथ धाम में बाबा के दिव्य दर्शन किए और विशेष पूजा-अर्चना कर देश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान कैलाश खेर ने धाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के बावजूद जिला प्रशासन द्वारा किए गए शानदार प्रबंधन और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं की जमकर प्रशंसा की।
जैसे ही कैलाश खेर मंदिर परिसर पहुंचे, वहां मौजूद श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिला। मंदिर समिति और जिला प्रशासन द्वारा उनका भव्य स्वागत किया गया। भक्ति के माहौल को उस समय और अधिक ऊर्जा मिली जब कैलाश खेर ने अपना सुप्रसिद्ध भजन ‘जय जय केदारा’ गुनगुनाया। उनकी सुरीली आवाज और भक्ति भाव ने वहां उपस्थित तीर्थयात्रियों को भावविभोर कर दिया और पूरा परिसर बाबा के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
उन्होंने कहा कि इतनी कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और श्रद्धालुओं की भारी संख्या के बीच भी यात्रा को इतना सुगम और सुरक्षित बनाना वाकई प्रशंसनीय है। यह सरकार और प्रशासन की प्रतिबद्धता का ही परिणाम है कि आज हर श्रद्धालु यहां आकर शांति का अनुभव कर रहा है।
प्रशासनिक टीम की पीठ थपथपाई
कैलाश खेर ने यात्रा को सफल बनाने में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से जिलाधिकारी विशाल मिश्रा और उनकी पूरी टीम, पुलिस प्रशासन, तीर्थ पुरोहितों और मंदिर समिति के कार्यों को सराहा। उन्होंने कहा कि विषम परिस्थितियों में भी जिस तत्परता से पुलिस और प्रशासन श्रद्धालुओं की सेवा कर रहे हैं, वह काबिल-ए-तारीफ है।



