
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
उत्तरकाशी: जिला शिक्षा अधिकारी (प्राथमिक शिक्षा) एवं प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी, अमित कोटियाल ने जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार और अनुशासन सुनिश्चित करने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। औचक निरीक्षण और जन सुनवाई के बाद लापरवाही, अनुपस्थिति और वित्तीय अनियमितताओं के चलते दो प्रभारी प्रधानाध्यापकों और एक सहायक अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
विकासखंड मोरी के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में निरीक्षण के दौरान राजकीय प्राथमिक विद्यालय, दौणी के प्रभारी प्रधानाध्यापक संतोष कुमार बिना सूचना अनुपस्थित मिले। वहीं, राजकीय प्राथमिक विद्यालय, सट्टा के प्रभारी प्रधानाध्यापक हरिचन्द्र भी ड्यूटी से नदारद रहे। जांच में पाया गया कि ‘समग्र शिक्षा अभियान’ के तहत विद्यालयों को दी गई धनराशि का धरातल पर कोई उपयोग नहीं हुआ है। सरकारी धन के गबन की पुष्टि होने पर दोनों को निलंबित कर दिया गया है।
शराब के नशे में वीडियो वायरल होने पर कार्रवाई:
राजकीय इंटर कॉलेज, दौणी (मोरी) के सहायक अध्यापक (व्यायाम) जय सिंह कठैत विद्यालय से अनुपस्थित पाए गए। स्थानीय प्रतिनिधियों ने शिकायत की कि एक दिन पूर्व उनका नशे की हालत में वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार, अपर निदेशक (गढ़वाल मण्डल) ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। रा.प्रा.वि. ठडियार के शिक्षामित्र संजय कुमार द्वारा बिना अवकाश स्वीकृत कराए विद्यालय छोड़ने पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही, विकासखंड भटवाड़ी में कार्यरत परिचारक पंकज कुमार की लगातार अनुपस्थिति पर भी अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जिला शिक्षा अधिकारी अमित कोटियाल ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि कोई भी शिक्षक या कर्मचारी बिना पूर्व अनुमति के अनुपस्थित पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध अनिवार्य सेवानिवृत्ति (VRS), निलंबन या सेवा समाप्ति जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि “शिक्षा विभाग की छवि और बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मई माह में पूरे जिले के स्कूलों और कार्यालयों का लगातार औचक निरीक्षण जारी रहेगा।”



