हरीश रावत से ईडी की पूछताछ: मां की तस्वीर लेकर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री ईडी कार्यालय, पेशी से पहले बोले ‘चुनाव आते ही शुरू हो जाता है एजेंसियों का खेल’

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
Dehradun: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के नोटिस के बाद पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत पूछताछ के लिए ईडी कार्यालय पहुंचे। कार्यालय में प्रवेश करते समय उनके हाथ में अपनी मां की तस्वीर नजर आई।
पूछताछ में शामिल होने से पहले हरीश रावत ने कहा कि वे अपनी मां, जगदंबा मां और धरती मां का स्मरण करके यहां आए हैं। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को अपनी सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं का संबल ही उन्हें हर परिस्थिति में मजबूती देता है। गौरतलब है कि इससे पूर्व हरिद्वार प्रवास के दौरान उन्होंने मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर आशीर्वाद लिया था और प्रदेश की खुशहाली एवं सुख-समृद्धि की कामना की थी।
पूर्व ओएसडी पर लगे आरोपों और ईडी की इस कार्रवाई को लेकर हरीश रावत ने सत्तापक्ष पर कड़ा प्रहार किया। भाजपा सरकार को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा, “जब भी चुनाव नजदीक आते हैं, सीबीआई और ईडी जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियों का खेल शुरू हो जाता है। कुछ समय बीतने के बाद जनता को खुद समझ आ जाता है कि पर्दे के पीछे असल में क्या चल रहा था।”



