सफलता का मंत्र : साहित्य प्रेस परिषद ने किया नवचयनित PCS अधिकारियों का सम्मान, DM ने दी शुभकामनाएं

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
Uttarkashi : साहित्य प्रेस परिषद के तत्वावधान में उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) द्वारा आयोजित पीसीएस परीक्षा में सफलता का परचम लहराने वाले जिले के होनहारों के लिए एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक (SP) कमलेश उपाध्याय और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) जय भारत सिंह ने नवचयनित अधिकारियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

समारोह के दौरान जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने चयनित अधिकारियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि सिविल सेवा मात्र एक पद या प्रतिष्ठा नहीं है, बल्कि यह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की सेवा करने का सबसे बड़ा और पवित्र माध्यम है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग से चयनित इन युवा अधिकारियों ने अपनी कड़ी मेहनत से उत्तरकाशी का नाम रोशन किया है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि ये सभी अधिकारी राज्य के विकास और सुशासन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।”

इस गरिमामयी समारोह की सबसे खास बात यह रही कि इसमें प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। युवाओं ने नवचयनित PCS अधिकारियों से परीक्षा की रणनीति, टाइम मैनेजमेंट, स्ट्रेस कंट्रोल और सही किताबों के चयन को लेकर कई महत्वपूर्ण सवाल पूछे।
नवचयनित अधिकारियों ने बेहद सहजता से अपनी संघर्ष यात्रा साझा करते हुए युवाओं को सफलता के तीन मूल मंत्र दिए:
निरंतरता: (Consistency) पढ़ाई में कभी गैप न आने दें।
धैर्य (Patience): सिविल सेवा एक लंबी यात्रा है, हौसला बनाए रखें।
दृढ़ संकल्प (Determination): असफलताओं से घबराने के बजाय अपनी कमियों को पहचानें और उन्हें सुधारें।

कार्यक्रम के समापन पर साहित्य प्रेस परिषद के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सहित सभी नवनियुक्त अधिकारियों और उपस्थित अतिथियों का इस गरिमामयी उपस्थिति के लिए सहृदय आभार व्यक्त किया।
समारोह में उत्तरकाशी का गौरव बढ़ाने वाले नवचयनित PCS अधिकारी आशुतोष नौटियाल, प्रकृति नेगी, अंबरीश प्रसाद, आशुतोष राणा, गौरव मैठाणी, आयूष बधानी, देवाशीष जगूड़ी, राखी भंडारी, राजेश परमार, शुभम शाह एवं अपूर्वा थपलियाल को सम्मानित किया गया।



