लखनऊ एनिमेशन सेंटर अग्निकांड: भीषण आग से 15 की मौत, मुख्यमंत्री योगी ने अस्पताल पहुंचकर जाना घायलों का हाल

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
लखनऊ। राजधानी लखनऊ के अलीगंज क्षेत्र अंतर्गत पुरनिया में सोमवार को एक बड़ा हादसा हो गया, जहां एक एनिमेशन सेंटर में अचानक भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में दम घुटने और ऊंचाई से कूदने के कारण 15 लोगों की दुखद मृत्यु हो गई है। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) प्रशासन ने इन मौतों की पुष्टि की है। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया और राहत-बचाव कार्य तेजी से शुरू किया गया।
दम घुटने से हुईं अधिकांश मौतें, घायलों का इलाज जारी
घटना के समय एनिमेशन सेंटर में बड़ी संख्या में छात्र मौजूद थे। आग लगने के बाद पूरी बिल्डिंग में तेजी से गाढ़ा धुआं फैल गया, जिससे वहां चीख-पुकार और भगदड़ मच गई। जान बचाने के लिए कई छात्रों ने इमारत की ऊंचाई से ही नीचे छलांग लगा दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
KGMU के सीएमएस प्रेम राज सिंह ने हादसे की जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल लाए गए 15 लोगों को मृत घोषित कर दिया गया है, जिनके शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अधिकांश मौतें दम घुटने के कारण हुई हैं। इसके अलावा 7 से 8 अन्य घायलों को भी अस्पताल लाया गया, जिनमें से दो को मामूली चोटें हैं। वहीं, एक युवक की रीढ़ की हड्डी और एक युवती के पैर में गंभीर चोट आई है। सभी घायलों का डॉक्टरों की देखरेख में इलाज चल रहा है।”
मौके पर पहुंचे उच्चाधिकारी, पीएम और सीएम ने जताया दुख
हादसे की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस महानिदेशक (DGP) राजीव कृष्ण और प्रमुख सचिव संजय प्रसाद तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। इस हृदयविदारक घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने KGMU का किया दौरा
हादसे की सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तुरंत एक्शन में आए और उन्होंने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) का दौरा किया। मुख्यमंत्री ने अस्पताल के वार्डों में जाकर अग्निकांड में घायल हुए छात्रों और अन्य लोगों से मुलाकात की। उन्होंने घायलों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को उच्च स्तरीय और त्वरित इलाज मुफ्त मुहैया कराया जाए। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं भी व्यक्त की हैं।



