
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
हरिद्वार : उत्तराखंड सरकार ने हरिद्वार कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को गति देते हुए सोमवार को मेले की आधिकारिक पहचान से जुड़े तीन प्रमुख माध्यमों—लोगो, वेबसाइट और आधिकारिक गीत का लोकार्पण किया। मेला नियंत्रण भवन (सीसीआर) सभागार में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इनका अनावरण करते हुए कहा कि राज्य सरकार 2027 के कुंभ को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आलौकिक स्वरूप देने के लिए पूरी तरह संकल्पित है।
सनातन विरासत और आधुनिकता का संगम
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुंभ भारत की प्राचीन आध्यात्मिक परंपरा और सनातन संस्कृति का विराट प्रतीक है। आधिकारिक लोगो, डिजिटल वेबसाइट और सुमधुर गीत के समन्वय से देश-विदेश के श्रद्धालुओं तक कुंभ का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचेगा।
लोगो में समाई हरिद्वार की पौराणिकता
कुंभ-2027 के आधिकारिक लोगो में हरिद्वार के प्रमुख धार्मिक व सांस्कृतिक प्रतीकों को पिरोया गया है:

मुख्य आकर्षण: मां गंगा की धारा, हर की पैड़ी क्षेत्र, धनुष पुल और सूर्योदय की छटा।
आध्यात्मिक प्रतीक: भगवान शिव की विशाल प्रतिमा, साधु-संत, त्रिशूल, डमरू और पृष्ठभूमि में मनसा देवी व चंडी देवी की पहाड़ियां।
स्थानीय प्रतिभा को सम्मान: इस लोगो का मूल डिजाइन जगजीतपुर (हरिद्वार) निवासी मधु शर्मा द्वारा तैयार किया गया है, जिसे राज्यभर से आई सैकड़ों प्रविष्टियों में से चयन समिति ने सर्वश्रेष्ठ चुना।
डिजिटल माध्यम से जुड़ेंगे वैश्विक श्रद्धालु
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधिकारिक पोर्टल haridwarkumbh.uk.gov.in लॉन्च किया गया। इस वेबसाइट के जरिए स्नान तिथियों, यातायात व्यवस्था, पंजीकरण और प्रशासनिक व्यवस्थाओं से जुड़ी प्रामाणिक जानकारियां एक क्लिक पर उपलब्ध होंगी।
‘कुंभ का पर्व आ गया’ गीत ने बांधा समां
समारोह में कुंभ के आधिकारिक गीत को भी रिलीज किया गया। ‘साधु और संतों के मन में हर्ष छा गया, कुंभ का पर्व आ गया’ बोल वाले इस गीत को हरिद्वार के गायक राघव राजा ने स्वरबद्ध व संगीतबद्ध किया है। यह गीत संतों के उल्लास और सनातन आस्था की जीवंत अभिव्यक्ति करता है।
समारोह में मौजूद रहे प्रमुख जनप्रतिनिधि व अधिकारी
लोकार्पण समारोह में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा, मदन कौशिक, प्रदीप बत्रा, खजान दास आदि उपस्थित रहे। वहीं प्रशासनिक अमले से मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, एसएसपी नवनीत भुल्लर, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी सहित जिला व मेला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।



