आपदा प्रबन्धनउत्तरकाशीउत्तराखंडदुर्घटनापुलिसवाहन दुर्घटना

मोरी के फतेह पर्वत में टैक्सी खाई में गिरी, 1 की मौत, 9 घायल; दूरसंचार सुविधा न होने से सेटेलाइट फोन से मिली सूचना

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​मोरी,uttarkashi: सीमांत विकासखंड मोरी अंतर्गत फतेह पर्वत पट्टी में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खन्यासणी और पुजेली के बीच ‘एचपी बैंड’ पर सवारियों से भरी एक टैक्सी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 8 से 9 लोग घायल बताए जा रहे हैं।

​घटना शाम करीब 4:30 बजे की है। खन्यासणी गांव में शेडकुड़िया महाराज के जागरे (धार्मिक अनुष्ठान) का आयोजन था, जिसके चलते क्षेत्र में श्रद्धालुओं और वाहनों की भारी आवाजाही थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, राजस्व विभाग और 108 एम्बुलेंस की टीमें तहसील मुख्यालय मोरी से लगभग 25 किलोमीटर दूर घटनास्थल के लिए रवाना हुईं।

दूरसंचार विहीन क्षेत्र बना रेस्क्यू में बाधा

दुर्घटनास्थल और आसपास के पूरे इलाके में मोबाइल नेटवर्क अथवा किसी भी प्रकार की दूरसंचार सुविधा न होने के कारण कई घंटों तक मौके की सही स्थिति का पता नहीं चल सका। राहत टीमों से संपर्क पूरी तरह कट जाने के कारण प्रशासन को मोरी से सेटेलाइट फोन मौके पर भेजना पड़ा। चौकी प्रभारी मोरी द्वारा सेटेलाइट फोन के जरिए दी गई जानकारी के अनुसार, वाहन में कुल 12 लोग सवार थे।

सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

अब तक 7 से अधिक घायलों को खाई से निकालकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया जा चुका है, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी है। गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर करने की तैयारी की जा रही है। उप जिलाधिकारी (एसडीएम) पुरोला स्वयं घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत व बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। पुलिस, एसडीआरएफ और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा खाई में सर्च अभियान लगातार चलाया जा रहा है।

व्यवस्था पर उठे सवाल

हादसे के कई घंटों बाद तक सूचनाओं के अभाव ने एक बार फिर सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे की पोल खोल दी है। आपदा प्रबंधन के नाम पर होने वाली मॉक ड्रिल और भारी-भरकम बजट के दावों के बीच यह सवाल गहरा गया है कि संचार सुविधा से कटे इन संवेदनशील और दुर्गम पहाड़ों में वास्तविक आपातकाल के दौरान पीड़ितों तक त्वरित मदद कैसे पहुंचेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button