
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मोरी,uttarkashi: मोरी थाना पुलिस ने नैटवाड़ क्षेत्र में एक ज्वैलर्स की दुकान में हुई चोरी का महज 4 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने और चांदी के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
दुकान का ताला तोड़कर उड़ाए थे जेवरात
जानकारी के अनुसार, 25 अगस्त 2026 की रात नैटवाड़ स्थित एक ज्वैलर्स की दुकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने सोने व चांदी के जेवरातों पर हाथ साफ कर दिया था। 26 अगस्त को पीड़ित दुकानदार की तहरीर पर मोरी थाने में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और सुरागरसी से दबोचा गया आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, कमलेश उपाध्याय ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए थे। थानाध्यक्ष मोरी श्री दीपक रावत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।
सटीक सूचना और त्वरित घेराबंदी के चलते पुलिस ने 4 घंटे के भीतर 26 अगस्त की शाम को छिबाड़ा खड्ड (नैटवाड़) से आरोपी प्रवेश उनियाल (उम्र 23 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया।
बरामदगी का विवरण:
• 01 सफेद धातु (चांदी) का टूटा कड़ा
• 01 सफेद धातु की पायल
• 01 सफेद धातु की अंगूठी
• 04 पीली धातु (सोना) की नोज रिंग
• 01 पीली धातु की नोज पिन
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष दीपक रावत, कांस्टेबल महिदेव चौहान, कांस्टेबल बिशन, कांस्टेबल कवीन्द्र राणा और कांस्टेबल अनिल तोमर शामिल रहे।



