उत्तरकाशीउत्तराखंडखाद्य पदार्थमिलावटखोरीसैंपलिंग

त्योहारी सीजन में मिलावटखोरों पर नकेल: उत्तरकाशी में 24 दुकानों पर छापेमारी, 9 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सैंपल लैब भेजे गए

कार्रवाई: बिना लाइसेंस दूध उत्पाद बेच रहे सप्लायर को एक हफ्ते की मोहलत, रिपोर्ट आने पर होगी विधिक कार्रवाई

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​uttarkashi: आगामी रक्षाबंधन और अन्य त्योहारों के मद्देनजर जनपद में मिलावटी खाद्य सामग्रियों की बिक्री रोकने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशों के अनुपालन में खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने पिछले 48 घंटों के भीतर मुख्यालय क्षेत्र में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। सहायक आयुक्त (खाद्य सुरक्षा) अश्वनी सिंह और सहायक नागेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में टीम ने भटवाड़ी मार्ग, मुख्य बाजार, बस अड्डा, माल रोड, भैरव चौक तथा कोर्ट परिसर क्षेत्र में स्थित लगभग 24 मिष्ठान और किराना दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

9 संदिग्ध पदार्थों के सैंपल जांच के लिए भेजे

कार्रवाई के दौरान गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर कुल 9 खाद्य पदार्थों के नमूने सील किए गए। इनमें 3 प्रकार की मिठाइयां, 2 प्रकार के खाद्य तेल, 2 हल्दी पाउडर, 1 पनीर और 1 देशी घी का सैंपल शामिल है। इन सभी नमूनों को गुणवत्ता परीक्षण हेतु राज्य खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला (State Food Analyst Laboratory) भेज दिया गया है। विभाग के अनुसार, जांच रिपोर्ट में मिलावट की पुष्टि होने पर संबंधित व्यापारियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

बिना लाइसेंस उत्पाद बांटने पर सप्लायर को नोटिस

निरीक्षण के दौरान टीम ने वाहन से दूध और उससे बने उत्पाद सप्लाई कर रहे एक वितरक को भी पकड़ा, जिसके पास वैध खाद्य लाइसेंस नहीं मिला। सहायक आयुक्त अश्वनी सिंह ने बताया कि उक्त व्यवसायी को एक सप्ताह के भीतर वैध दस्तावेज पेश करने के कड़े निर्देश दिए गए हैं, जिसके बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

​उन्होंने स्पष्ट किया कि आमजन को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए यह चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button