कानूनी जागरूकता की पाठशाला: सरस्वती विद्या मंदिर में सिविल जज विवेक शर्मा ने छात्रों को दी विधिक जानकारी

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
पुरोलाUTTARKASHI: अंतर्राष्ट्रीय परिवार दिवस के अवसर पर शुक्रवार को नगर के सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज पुरोला में एक ‘विधिक साक्षरता शिविर’ का आयोजन किया गया। सिविल जज पुरोला विवेक शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर के माध्यम से छात्र-छात्राओं को कानून की बारीकियों और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया गया।
ट्रैफिक नियम और नशा उन्मूलन पर विशेष जोर
शिविर को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सिविल जज जूनियर डिवीजन विवेक शर्मा ने वर्तमान समय में बढ़ते नशे के प्रचलन पर गहरी चिंता व्यक्त की। उन्होंने विद्यार्थियों को नशा उन्मूलन के प्रति जागरूक करते हुए इससे दूर रहने की शपथ दिलाई। साथ ही, उन्होंने यातायात नियमों के पालन की अनिवार्यता पर विस्तार से चर्चा की और बताया कि किस प्रकार सड़क सुरक्षा के छोटे-छोटे नियम अमूल्य जीवन को सुरक्षित रख सकते हैं।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को उनके मौलिक अधिकारों और अनिवार्य शिक्षा के महत्व से भी अवगत कराया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल करियर बनाने का माध्यम नहीं है, बल्कि एक जागरूक नागरिक बनने की पहली सीढ़ी है। कानून की आधारभूत जानकारी युवाओं को शोषण से बचाने और समाज में न्याय की स्थापना करने में सहायक होती है।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य जगमोहन सिंह रावत, जग महेंद्र राणा,पीएलवी काजल, नवीन चंद्र गैरोला, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।



