
पुरोला। मोरी ब्लाक के गोविंद पशु विहार क्षेत्र में आषाढ़ माह के मेले शुरू हो गए है। इन आषाढ़ माह के मेलों में क्षेत्र के इष्टदेव सोमेश्वर महादेव प्रत्येक गांव में पहुंचकर रात्रि विश्राम कर यहां रात्रि जागरण के साथ ही ग्रामीण तांदी,रासौं आदि नृत्य भी करते है। गोविंद पशु विहार क्षेत्र के बड़ासू,अडोर,पंचगाई पट्टी में आषाढ़ माह के मेले शुरू हो गए है। क्षेत्र के इष्टदेव सोमेश्वर महाराज इस अवसर पर अपने पुजारी,माली,बजीर,स्याणे, क्षेत्र के युवा,युवती, बुजुर्गो के साथ पद यात्रा कर प्रत्येक गांव में रात्रि विश्राम कर ग्रमीणों को क्षेत्र की समृद्धि एव॔ खुशहाली का शुभाशीष देते है।
बुधवार को मेले के पहले दिन सोमेश्वर महादेव की डोली पारम्परिक वाद्य यंत्रो के साथ सटूणी गांव पहुंची। सटूणी गांव के विणासू माता के प्रांगण में सोमेश्वर महादेव की मौजूदगी में नव निर्मित सोमेश्वर महादेव मंदिर का विधि-विधान से पूजा-पाठ, हवन,यज्ञ कर वेद मंत्रोच्चारण के साथ ही मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा कर यहां महाराज विराजमान हुए। यहां रात्रि जागरण कर क्षेत्र के दो दर्जन से अधिक गांव के ग्रामीणों ने तांदी,रांसौ नृत्य भी किया। इस अवसर पर सटूणी गांव के ग्रामीणों ने भंडारे का आयोजन भी किया था। इसके बाद बृहस्पतिवार को सोमेश्वर महादेव ने उपला पांव गांव के लिए प्रस्थान कर दिया है। विणासू माता का प्रांगण बहुत ही रमणीक स्थल पर है यहां से स्वर्ग रोहणी, बंदरपूंछ, कालानाग, केदारकांठा आदि पर्यटक स्थल का अद्भुत नज़ारा दिखाई देता है। इस अवसर पर देवता के पुजारी रामध्यान ,चैन सिंह रावत, प्रहलाद सिंह पंवार,ज्ञान सिंह, नेगी सिंह, अकबर सिंह आदि मौजूद थे।