उत्तराखण्ड के 12 जिलों में अगले 24 घंटे फ्लैश फ्लड का खतरा: आपदा प्रबंधन अलर्ट मोड पर, प्रशासन ने जारी की एडवायजरी

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
Dehradun: उत्तराखण्ड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के हाइड्रोमेट डिवीजन स्थित फ्लैश फ्लड गाइडेंस सेल ने राज्य के 12 जिलों के लिए रेड/ऑरेंज अलर्ट के तहत फ्लैश फ्लड रिस्क बुलेटिन जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, 11 अगस्त 2026 की शाम 5:30 बजे तक राज्य के विभिन्न जलग्रहण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में कम से मध्यम स्तर के अचानक बाढ़ (Flash Flood) का जोखिम बना हुआ है।
प्रभावित होने वाले 12 जनपद
मौसम विभाग द्वारा जारी बुलेटिन के अनुसार निम्नलिखित जिलों के कुछ क्षेत्रों में जलभराव और अचानक बाढ़ की आशंका जताई गई है:
• कुमाऊं मंडल: अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, पिथौरागढ़
• गढ़वाल मंडल: चमोली, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, हरिद्वार, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, पौड़ी गढ़वाल
मुख्य जोखिम: मिट्टी के अत्यधिक नम (संतृप्त) होने और निचले इलाकों में लगातार बारिश के कारण सतही जल बहाव तेज हो सकता है तथा जलभराव की गंभीर स्थिति बन सकती है।
24×7 अलर्ट पर राज्य आपदा प्रबंधन तंत्र
आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन ने स्थिति की समीक्षा करते हुए बताया कि राज्य का आपदा प्रबंधन ढांचा पूरी तरह सतर्क है:
• SEOC की पैनी नजर: राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) 24 घंटे स्थिति पर नजर बनाए हुए है और सभी जिला आपातकालीन परिचालन केंद्रों (DEOC) के साथ निरंतर संपर्क में है।
• त्वरित राहत दल तैनात: संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत एवं बचाव एजेंसियों को तैयार रखा गया है।
• स्थानीय प्रशासन को निर्देश: जिलाधिकारियों एवं संबंधित विभागों को स्थानीय परिस्थितियों के आधार पर तुरंत एहतियाती कदम उठाने के आदेश दिए गए हैं।
आमजन और पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण सुरक्षा निर्देश
आपदा प्रबंधन विभाग ने नागरिकों और श्रद्धालुओं/पर्यटकों से निम्नलिखित सावधानियां बरतने की अपील की है:
• अनावश्यक यात्रा से बचें: मौसम खराब होने पर पहाड़ी और संवेदनशील रास्तों पर यात्रा टालें। यात्रा शुरू करने से पहले मौसम व सड़क की स्थिति की जानकारी लें।
• जल स्रोतों से दूरी बनाएं: नदी, नालों, गदेरों और बरसाती जलधाराओं के पास न जाएं। पहाड़ी क्षेत्रों में छोटी धाराओं में भी अचानक उफान आ सकता है।
• पुल-पुलियों पर न लें जोखिम: जलभराव या जलस्तर बढ़ने की स्थिति में पुल-पुलियों व रपटों को पार करने का प्रयास न करें।
• सुरक्षित स्थानों पर रहें: भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोग सतर्क रहें और आवश्यकता पड़ने पर तुरंत सुरक्षित स्थानों की ओर रुख करें।



