उत्तरकाशीउत्तराखंडउत्पीड़नछेडछाड़पाॅक्सो

शिक्षक ही बने भक्षक: उत्तरकाशी के सरकारी स्कूल में एनसीसी अधिकारी और शिक्षक पर छात्रा से छेड़छाड़ का आरोप, पॉक्सो एक्ट में मुकदमा दर्ज

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 

​uttarkashi: भटवाड़ी ब्लॉक के मनेरी इंटर कॉलेज में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। स्कूल परिसर के भीतर ही छात्रा से छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना में विद्यालय के एक शिक्षक और एसोसिएट एनसीसी अधिकारी पर नाबालिग छात्रा के साथ अभद्रता करने के आरोप में पॉक्सो एक्ट और आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

​मिली जानकारी के अनुसार, घटना विद्यालय समय के दौरान की है जब स्कूल में एनसीसी की कक्षा चल रही थी। बताया जा रहा है कि पीड़ित नाबालिग छात्रा एनसीसी कैडेट है। आरोप है कि विद्यालय के एक शिक्षक ने छात्रा को यह कहकर बुलाया कि एनसीसी अधिकारी उसे बुला रहे हैं। जब छात्रा एनसीसी कक्ष में पहुँची, तो वहाँ मौजूद शिक्षक और एनसीसी अधिकारी ने उसके साथ अभद्र टिप्पणी करते हुए छेड़छाड़ की।

​किसी तरह आरोपियों के चंगुल से बचकर बाहर निकली छात्रा ने हिम्मत दिखाते हुए अपने परिजनों और अन्य शिक्षकों को पूरी आपबीती सुनाई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा और देखते ही देखते विद्यालय में भारी भीड़ जमा हो गई। आक्रोशित परिजनों ने तत्काल मनेरी थाने में मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई।

​मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। मनेरी थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक नौटियाल ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पीड़ित छात्रा के परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी शिक्षक और एनसीसी अधिकारी के खिलाफ पाॅक्सो एक्ट समेत प्रासंगिक धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने मामले की गंभीरता से जाँच शुरू कर दी है और आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और स्थानीय युवाओं ने आरोपियों की जमकर पिटाई भी की। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गुस्साए लोगों ने आरोपियो को मौके पर ही घेर लिया और उनकी धुनाई कर दी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button