उत्तरकाशी: एक ओर प्रभारी मंत्री ने किया ‘सेवा पखवाड़े’ का शंखनाद, दूसरी ओर कांग्रेस ने आपदा राहत व भटवाड़ी की मांगों को लेकर किया घेराव

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
उत्तरकाशी। कलेक्ट्रेट परिसर शनिवार को दो विपरीत राजनीतिक व प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा। एक तरफ जहां जनपद के प्रभारी व कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने राज्य सरकार की उपलब्धियों को गिनाते हुए ‘सेवा पखवाड़े’ का भव्य शुभारंभ किया, वहीं दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने क्षेत्र की अनदेखी और आपदा राहत में लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रभारी मंत्री का घेराव किया।
शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा को कांग्रेस कार्यकर्ताओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने भटवाड़ी क्षेत्र की लंबित मांगों और धराली आपदा राहत में सरकार की कथित उपेक्षा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भटवाड़ी में विभिन्न मांगों को लेकर पिछले दस दिनों से लोग धरने पर बैठे हैं, लेकिन सरकार का कोई प्रतिनिधि उनकी सुध लेने नहीं आया। उन्होंन कहा कि भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना और ऑल वेदर रोड के चौड़ीकरण जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार लगातार अनदेखी कर रही है। धराली आपदा के बाद सरकार के प्रतिनिधि केवल हवाई सर्वेक्षण तक सीमित रहे और प्रभावितों के पुनर्वास के लिए कोई जमीनी कदम नहीं उठाए गए।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भटवाड़ी की मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया और आपदा प्रभावितों को राहत नहीं मिली, तो पार्टी जनता के साथ मिलकर एक व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।
तनावपूर्ण माहौल के बीच, प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कलेक्ट्रेट परिसर में दीप प्रज्ज्वलित कर ‘सेवा पखवाड़े’ का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जन-कल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित विशेष स्टॉल व विकास प्रदर्शनियां लगाई गईं।
बतौर मुख्य अतिथि के रूप में समारोह को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि प्रधानमंत्री के विशेष लगाव से उत्तराखंड में विकास कार्यों को अभूतपूर्व गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC), देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून और दंगा विरोधी कानून लागू किया गया है। उत्तराखंड को पहली बार नेशनल गेम्स की मेजबानी का गौरव मिला है, और उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए सरकारी नौकरियों में 4\% क्षैतिज आरक्षण का प्रावधान किया गया है प्रशासनिक सेवाओं में महिलाओं के लिए 33\% आरक्षण सुनिश्चित किया गया है और 2 लाख से अधिक महिलाओं को ‘लखपति दीदी’ बनाकर आत्मनिर्भर बनाया गया है।
विशिष्ट अतिथि गंगोत्री विधायक सुरेश चौहान ने अपनी विधानसभा का प्रगति विवरण साझा करते हुए बताया कि क्षेत्र में स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ₹23 करोड़ की लागत से क्रिटिकल केयर अस्पताल का निर्माण तेजी से चल रहा है।श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए ₹113 करोड़ की लागत से ‘आस्था पथ’ का काम जल्द शुरू होगा। उन्होंने कहा कि सड़कों के लिए 1 अरब रुपये से अधिक के कार्य शुरू हो चुके हैं और इतनी ही राशि की 15 नई सड़कों की DPR तैयार कर ली गई है।
कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री ने कीवी, एप्पल मिशन और मत्स्य पालन से जुड़े प्रगतिशील काश्तकारों को ₹19 लाख से अधिक तथा रीप (REAP) परियोजना के तहत निर्धन महिलाओं को स्वरोजगार व गाय पालन के लिए ₹35-35 हजार और अन्य लाभार्थियों को ₹75-75 हजार के चेक वितरित किए गए। उन्होने समाज कल्याण विभाग की ओर से 19 दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए छड़ी, कान की मशीन व अन्य उपकरण भी बांटे।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, एडीएम मुक्ता मिश्र सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।



