
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
पुरोलाUTTARKASHI: उत्तरकाशी जनपद को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ पुलिस लगातार तस्करों की कमर तोड़ रही है। इसी क्रम में पुलिस कप्तान के निर्देशन और थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत के नेतृत्व में पुरोला पुलिस टीम को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ दबोचा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गत रात्रि को विकासनगर-बड़कोट मोटर मार्ग पर स्थित नौगांव सौली बैण्ड के पास पुरोला पुलिस टीम द्वारा सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने संदिग्ध प्रतीत होने पर मोटरसाइकिल संख्या UK 07HD 76319 (बुलेट) को रोककर उस पर सवार दो युवकों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान दोनों युवकों के कब्जे से कुल 8.91 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई, जिसे वे क्षेत्र में खपाने की फिराक में थे। पुलिस ने स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त बुलेट मोटरसाइकिल को तत्काल जब्त कर लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान 27 वर्षीय रमेश सिंह राणा (पुत्र अर्जुन सिंह राणा, निवासी ग्राम फिताड़ी, थाना मोरी, उत्तरकाशी) और 27 वर्षीय लाखन सिंह रावत (पुत्र अमीन सिंह रावत, निवासी ग्राम लिवाड़ी, थाना मोरी, उत्तरकाशी) के रूप में हुई है। दोनों अभियुक्तों के खिलाफ थाना पुरोला में एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) की गंभीर धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इन दोनों तस्करों के पुराने आपराधिक इतिहास की कुंडली खंगाल रही है और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों का पता लगाने में जुटी है।
वर्ष 2026 में नशे और मादक पदार्थों के खिलाफ उत्तरकाशी पुलिस की यह कोई पहली बड़ी कार्रवाई नहीं है। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस इस साल अब तक रिकॉर्डतोड़ ताबड़तोड़ कार्रवाई कर चुकी है, जिसका विवरण इस प्रकार है:
• NDPS एक्ट के तहत बड़ी चोट: पुलिस ने अब तक कुल 18 मामलों में 22 शातिर नशा तस्करों को सलाखों के पीछे भेजा है।
• लाखों की ड्रग्स बरामद: तस्करों के मंसूबों को नाकाम करते हुए अब तक 8 किलो से अधिक अवैध चरस और 41.41 ग्राम स्मैक बरामद की जा चुकी है।
• गैंगस्टर एक्ट और सख्त एक्शन: नशा माफियाओं में खौफ पैदा करने के लिए 4 बड़े तस्करों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कठोर कार्रवाई की गई है।
• अवैध खेती पर प्रहार: नशे के उत्पादन को जड़ से मिटाने के लिए अवैध अफीम की खेती करने वाले 31 भू-स्वामियों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमे दर्ज किए हैं।
• आबकारी के 5 मामलों में 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे पहुंचाया गया है।



