गुलाबी कांठा बुग्याल ट्रेक ऑफ द ईयर घोषित : पर्यटन को लगेंगे पंख, दूरस्थ गांवों का होगा विकास, 21 सदस्यीय ट्रेक दल रवाना

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
पुरोला,Uttarkashi: यमुनोत्री क्षेत्र के गुलाबी कांठा बुग्याल को वर्ष 2025 का ट्रेक ऑफ द ईयर घोषित किया गया है। रविवार को ट्रेक दी हिमालय (टीटीएच) के देहरादून कार्यालय से “ट्रेक ऑफ़ दी ईयर 2025” के अंतर्गत चयनित गुलाबी कांठा ट्रेक का भव्य फ्लैग-ऑफ किया गया। इस अवसर पर उत्तराखण्ड पर्यटन सचिव धीरज गर्ब्याल ने हरी झंडी दिखाकर दल को रवाना किया।

हर वर्ष की भाँति इस वर्ष भी एक नये ट्रेक को “ट्रेक ऑफ़ दी ईयर” के लिए चुना गया है। गुलाबी कांठा ट्रेक को चुनने का उद्देश्य उत्तराखण्ड में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देना, स्थानीय युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना तथा प्रदेश में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करना है।
आज रवाना हुए पहले दल में 21 प्रतिभागी शामिल किए गए हैं जो कि देश के विभिन्न राज्यों से आए हैं। यह दल देहरादून से स्यानाचट्टी के लिए रवाना हुआ और 6 दिन गुलाबी कांठा ट्रेक की यात्रा करेगा।
गुलाबी कांठा ट्रेक की विशेषता यह है कि इसे सालभर किसी भी मौसम में किया जा सकता है। आने वाले समय में यह ट्रेक बड़ी संख्या में देश-विदेश के ट्रेकर्स को आकर्षित करेगा और उत्तराखण्ड पर्यटन के लिए एक महत्वपूर्ण आकर्षण बनेगा।
कार्यक्रम में पर्यटन एसीईओ बंसी लाल राणा, जिला पर्यटन अधिकारी उत्तरकाशी कमल किशोर जोशी, पर्यटन प्रचार अधिकारी उत्कर्ष, ट्रेक दी हिमालय के सीईओ राकेश पंत एवं सह-संस्थापक संदीप रावत, यूटीडीबी एडवेंचर लैंड एक्सपर्ट शीतल राज, एडवेंचर विंग सीमा नौटियाल सहित अनेक यूटीडीबी एवं ट्रेक दी हिमालय की टीम उपस्थित रही।



