
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
बड़कोट/उत्तरकाशी। तहसील बड़कोट के अंतर्गत बंचाण गांव में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रही दो महिलाएं घायल हो गई। जिन्हें 108 एम्बुलेंस सेवा की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट लाया गया जिसके बाद एक महिला को देहरादून रेफर कर दिया गया है। इस घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी अभिषेक रुहेला ने उपजिलाधिकारी बड़कोट को तत्काल मौके पर जाकर घायल महिलाओं के समुचित उपचार की व्यवस्था कराने और जरूरत पड़ने पर उन्हें नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। प्राप्त जानकारी के अनुसार पूनम पत्नी संजय सिंह और उनकी माता टीकम देई पत्नी केंद्र सिंह खेत में धान की गुड़ाई कर रही थी। इसी दौरान अचानक से तेज बारिश के साथ ही आकाशीय बिजली गिरने से उक्त दोनों महिलाएं इसकी चपेट के आ गई।
सूचना मिलते ही दोनों घायल महिलाओं को एम्बुलेंस से प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र बड़कोट लाया गया। घटना की सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी बड़कोट जितेंद्र कुमार ने स्वास्थ्य केंद्र में पहुँच कर घायल महिलाओं का हालचाल पूछा और चिकित्सकों से उनके स्वास्थ्य की स्थिति एवं उपचार के बारे में जानकारी ली। उप जिलाधिकारी ने बताया है कि प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ अंगद राणा ने पूनम को खतरे से बाहर बताया है, जबकि उनकी माता टीकम देई का प्राथमिक उपचार के बाद उन्हे देहरादून रेफर किया गया है।