उत्तराखंड की ‘वायरल शिक्षिका’: पहाड़ी लोकसंस्कृति को नई पहचान देता देवाल के प्राथमिक विद्यालय का एक खूबसूरत वीडियो

पत्रिका न्यूज नेटवर्क
देवाल (चमोली): स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) के आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर थराली विधानसभा क्षेत्र के विकासखंड देवाल स्थित एक प्राथमिक विद्यालय का एक वीडियो सोशल मीडिया पर काफी सराहा जा रहा है। वीडियो में विद्यालय की शिक्षिका अपनी छात्राओं के साथ उत्तराखंड के प्रसिद्ध लोक गायक गढ़-रत्न नरेंद्र सिंह नेगी के लोकप्रिय गीत “परदेसी भौंरा छैयी क्या भरोसो तेरु” पर पारंपरिक लोकनृत्य का अभ्यास करवाती और स्वयं भी बच्चों के साथ थिरकती नजर आ रही हैं।
उत्तराखंड की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक नृत्य शैलियों को समेटे इस वीडियो को देखकर लोग सोशल मीडिया पर अध्यापिका के प्रयास की जमकर प्रशंसा कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर मिल रही सराहना:
शिक्षिका और छात्राओं के इस आत्मीय और अनुशासित प्रयास पर स्थानीय लोगों व सोशल मीडिया प्रयोक्ताओं की ओर से तरह-तरह की सकारात्मक प्रतिक्रियाएं आ रही हैं, जोकि कुछ इस तरह है।
• “नए जमाने की नई सोच… पढ़ाई-लिखाई का आधुनिकीकरण। बहुत ही सुंदर! नई पीढ़ी के शिक्षक बनकर बेटियां और बेटे समाज के सामने एक बहुत ही बेहतरीन उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।”
शिक्षाविदों और अभिभावकों का मानना है कि पढ़ाई के साथ-साथ संगीत, नृत्य और खेलकूद जैसी पाठ्यसहगामी क्रियाकलाप (co-curricular activities) बच्चों के बौद्धिक, मानसिक और सांस्कृतिक विकास में बेहद सहायक सिद्ध होते हैं। अपनी जड़ों और लोकसंस्कृति से बच्चों को जोड़ने की इस प्राथमिक विद्यालय की यह पहल क्षेत्र में चर्चा और प्रेरणा का विषय बनी हुई है।



