उत्तरकाशीउत्तराखंडकांग्रेस पार्टीपरिवर्तन संकल्प सम्मेलन'राजनीति

पुरोला में कांग्रेस का शंखनाद: ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ में उमड़ा जनसैलाब, शीर्ष नेतृत्व ने सरकार को घेरा

पत्रिका न्यूज नेटवर्क 
पुरोला,uttarkashi: पुरोला में कांग्रेस पार्टी द्वारा आयोजित ‘परिवर्तन संकल्प सम्मेलन’ में भारी जनसैलाब उमड़ा। कार्यक्रम में पहुंचे कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का स्थानीय कार्यकर्ताओं ने ढोल-दमाऊ और फूल-मालाओं के साथ जोरदार स्वागत किया।
​स्वर्गीय बरफिया लाल जुवांठा के स्मारक पर दी श्रद्धांजलि
​परिवर्तन संकल्प यात्रा के पुरोला पहुंचने पर उत्तराखंड कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह चौहान, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रतापनगर विधानसभा के विधायक बिक्रम सिंह नेगी एवं पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला आदि कांग्रेसियों ने पुरोला नगर के मुख्य द्वार पर स्थित पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय बरफिया लाल जुवांठा के स्मारक पर जाकर उनके चित्र पर माल्यार्पण किया और उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

​इसके बाद आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने केंद्र और राज्य की वर्तमान सरकार पर तीखे प्रहार किए। नेताओं ने कहा कि यह यात्रा प्रदेश में बदलाव का संकल्प लेकर आई है। जनसभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय जहां पेट्रोल और डीजल के दाम आम जनता के बजट में थे, वहीं आज पेट्रोल ₹100 और डीजल ₹90 के पार जा चुका है। ₹400 में मिलने वाला गैस सिलेंडर आज ₹1000 से ऊपर पहुंच गया है, जिससे आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। उन्होने आरोप लगाया गया कि वर्तमान सरकार में बिना पैसे लिए-दिए कोई काम नहीं हो रहा है। आए दिन भर्ती परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं, जिससे प्रदेश के युवाओं का भविष्य अंधकार में डूब गया है। जब नौजवान रोजगार मांगते हैं, तो सरकार पुलिस बल के माध्यम से उनका दमन करती है। वक्ताओं ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को पूरी तरह से ध्वस्त बताते हुए कहा कि महिलाओं और बेटियों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं, जिसमें सत्तापक्ष से जुड़े लोगों की संलिप्तता सामने आ रही है।
जनसभा में अग्निवीर योजना को लेकर भी सरकार को घेरा गया। नेताओं ने कहा कि सरकार सेना के जवानों की शहादत के आंकड़ों को भी छिपाने का काम कर रही है, जो कि बेहद शर्मनाक है।

कांग्रेस नेताओं ने पुरोला की जनता से आह्वान किया कि आगामी चुनावों में इस जनविरोधी सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए एकजुट हों। उन्होंने वादा किया कि वर्तमान सरकार ने जनता को जो घाव दिए हैं, कांग्रेस उन पर मरहम लगाने का काम करेगी।

​इस अवसर पर पार्टी के जिलाध्यक्ष दिनेश चौहान, ब्लॉक अध्यक्ष धीरेन्द्र नेगी, नगर पालिकाध्यक्ष बिहारी लाल शाह, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष हरिमोहन नेगी, हरिमोहन जुवांठा, कविंद्र असवाल, जगवीर रावत, जगदीश गुसाई, प्रकाश डबराल सहित भारी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, स्थानीय कार्यकर्ता और क्षेत्र की जनता उपस्थित रही।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button