
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
uttarkashi: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में स्थित सिल्क्यारा टनल से एक बार फिर हादसे की दुखद खबर सामने आई है। जिला आपदा परिचालन केंद्र उत्तरकाशी से प्राप्त प्रारंभिक सूचना के अनुसार, बीती रात लगभग 02:00 बजे टनल के अंदर एक बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक श्रमिक की दर्दनाक मौत हो गई है।
टनल के भीतर कंक्रीट ब्लॉक गिरा
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसा टनल के बड़कोट साइड वाले हिस्से में हुआ। टनल के भीतर लगभग 900 मीटर अंदर अचानक कंक्रीट (शॉटक्रीट) लाइनिंग का एक बड़ा ब्लॉक टूटकर नीचे गिर गया। इस मलबे और ब्लॉक की चपेट में आने से वहां काम कर रहा एक 21 वर्षीय युवा श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक श्रमिक की पहचान झारखंड निवासी के रूप में हुई है।
NHIDCL करेगी विस्तृत जांच
घटना के बाद टनल निर्माण से जुड़ी कार्यदायी संस्था NHIDCL (National Highways & Infrastructure Development Corporation Limited) एक्शन मोड में आ गई है। प्रशासन के अनुसार:
• विस्तृत जांच शुरू: NHIDCL द्वारा घटना की विस्तृत जांच की जा रही है और एक तथ्यात्मक रिपोर्ट तैयार की जा रही है।
• आधिकारिक पुष्टि का इंतजार: टनल के अंदर यह ब्लॉक किस वजह से टूटा और हादसे के पीछे क्या तकनीकी खामियां रहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी।
DEOC, उत्तरकाशी का बयान: “दुर्घटना के सटीक कारणों और अन्य तथ्यों की आधिकारिक पुष्टि NHIDCL की विस्तृत जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही की जा सकेगी।”
इस हादसे के बाद टनल के भीतर सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े होने लगे हैं। प्रशासन और रेस्क्यू टीमें मौके पर स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।



